ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, रायपुर समेत कई जिलों में अलर्ट, 40-50 KM की रफ्तार से चलेगी हवा

CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, रायपुर समेत कई जिलों में अलर्ट, 40-50 KM की रफ्तार से चलेगी हवा

14 hours ago
29

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार देखने को मिल रहा है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में पूरे दिन मौसम बदला रहा और राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम ?

पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है। बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

तेजी से आगे बढ़ रहा डीप डिप्रेशन

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11.30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।

तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।

अब तक कितनी बारिश हुई ?

वहीं, प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Social Share

Advertisement