ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • घर बैठे बुक करें IPL 2026 के टिकट, जानिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, सीट सिलेक्शन और पेमेंट का सिंपल प्रोसेस

घर बैठे बुक करें IPL 2026 के टिकट, जानिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, सीट सिलेक्शन और पेमेंट का सिंपल प्रोसेस

3 months ago
84

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। इस बार टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसी के साथ टिकट बुकिंग को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल लीग के शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी किया गया है, जिसके बाद दर्शक अब मैचों के टिकट खरीदने की तैयारी में जुट गए हैं।

बता दें कि फिलहाल कुछ मुकाबलों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, BookMyShow प्लेटफॉर्म पर फिलहाल चार मुकाबलों के टिकट उपलब्ध हैं, जिनमें 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 4 अप्रैल को गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स, 6 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स और 9 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच शामिल हैं। वहीं, बेंगलुरु में होने वाले पहले मुकाबले के लिए भी जल्द टिकट बिक्री शुरू होने की संभावना है, क्योंकि कर्नाटक सरकार ने आयोजन को पहले ही मंजूरी दे दी है।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए इस बार BookMyShow और District (Zomato) को आधिकारिक पार्टनर बनाया गया है। मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों के मैचों के लिए प्री-सेल रजिस्ट्रेशन पहले ही शुरू हो चुका है। फैंस रजिस्ट्रेशन कर लेते हैं तो टिकट सेल लाइव होते ही उन्हें नोटिफिकेशन मिल जाता है, जिससे वे तुरंत टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी फ्रेंचाइजियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भी सीधे टिकट उपलब्ध कराती हैं।

बुकिंग प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है। दर्शकों को संबंधित ऐप या वेबसाइट पर जाकर मैच का चयन करना होगा, इसके बाद स्टेडियम के सीटिंग मैप से अपनी पसंद की सीट जैसे गैलरी, पवेलियन या वीआईपी चुन सकते हैं। भुगतान UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है। भुगतान सफल होने के बाद ई-टिकट मोबाइल या रजिस्टर्ड ईमेल पर प्राप्त हो जाएगा।

जो दर्शक ऑफलाइन टिकट खरीदना चाहते हैं, उनके लिए भी व्यवस्था की गई है। मैच से कुछ दिन पहले स्टेडियम के बाहर और शहर के निर्धारित सेंटरों पर टिकट काउंटर खोले जाएंगे। यहां से टिकट खरीदने के लिए वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट ले जाना अनिवार्य होगा। भुगतान नकद या कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा और मौके पर ही फिजिकल टिकट मिल जाएगा।

कुल मिलाकर IPL 2026 के आगाज से पहले ही टिकटों को लेकर उत्साह चरम पर है और आने वाले दिनों में जैसे-जैसे बाकी मैचों की टिकट बिक्री शुरू होगी, फैंस की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।

Social Share

Advertisement