ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है, बीजापुर में बोले सीएम विष्णुदेव साय

केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है, बीजापुर में बोले सीएम विष्णुदेव साय

2 years ago
160

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बीजापुर में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। हर दिन कांग्रेसी अपनी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। यह तो वो भी जानते हैं कि न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी।

विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेसियों को इस बार खाता खोलने भी नहीं देना है। 2018 में अपने जनघोषणा पत्र में बड़ा-बड़ा वादा करके जनता का खूब वोट बटोरे, फिर उनको खूब धोखा दिया। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में नीचे सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। अब प्रदेश में भाजपा की सुशासन की सरकार है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं। सीएम साय ने जनता से अपील की कि कांग्रेसियों की बातों में नहीं आना है, उसको सबक सिखाना है और इस चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देना है।

 

Social Share

Advertisement