- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- कांग्रेस ने भिलाई के 70 वार्डों में तय किए प्रत्याशी, पार्टी ने 24 महिलाओं को भी बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने भिलाई के 70 वार्डों में तय किए प्रत्याशी, पार्टी ने 24 महिलाओं को भी बनाया उम्मीदवार


रायपुर, 02 दिसंबर 2021/ कांग्रेस ने बुधवार आधी रात को भिलाई नगर निगम चुनाव के उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इससे पहले कांग्रेस पार्टी बिरगांव और रिसाली नगर निगमों के उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। अब नगर निगमों में केवल भिलाई चरोदा की सूची ही बाकी रह गई है।
प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए कांग्रेस चुनाव समिति की तीन बैठकें हो चुकी हैं। रविवार को हुई पहली बैठक में पार्टी के आंतरिक सर्वे के नतीजों पर शुरुआती चर्चा हुई थी। मंगलवार दोपहर बाद से रात तक चली बैठक में अधिकतर वार्डों में प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए, लेकिन बिरगांव, रिसाली, भिलाई और भिलाई चरोदा नगर निगमों के कुछ वार्डों में विवाद की स्थिति बन रही थी।
कांग्रेस ने मंगलवार रात केवल दो नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों के प्रत्याशी घोषित किए। बुधवार शाम को चुनाव समिति की तीसरी बैठक हुई। इसमें विवाद वाले वार्डों में हुए दोबारा सर्वे के नतीजों पर चर्चा हुई। देर रात बिरगांव और रिसाली नगर निगम के उम्मीदवार घोषित किए गए। वहीं आधी रात के करीब भिलाई नगर निगम के सभी 70 वार्डों से उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई।
प्रदेश के 15 शहरों में आम चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 3 दिसम्बर तय है। 20 दिसम्बर को यहां मतदान होना है। 23 दिसम्बर को मतगणना के बाद विजेता की घोषणा हो जाएगी।
यहां देखिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पूरी सूची


कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है भिलाई
इस बार जिन चार नगर निगमों में चुनाव हाे रहा है, उनमें से तीन दुर्ग जिले में ही हैं। यह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का गृह जिला है। भिलाई नगर निगम में तो कांग्रेस के महापौर और उसकी परिषद रही है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव यहां से महापौर रहे हैं। ऐसे में इस नगरीय निकाय पर कब्जा बरकरार रखना कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।
इन शहरों में हो रहा है आम चुनाव
प्रदेश के 15 शहरों में आम चुनाव कराया जा जा रहा है। इनमें नगर पालिक निगम बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा का चुनाव मुख्य है। उसके अलावा नगर पालिका सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर चरचा, जामुल और खैरागढ़ में नई शहरी सरकार चुना जाना है। प्रेमनगर, मारो, नरहरपुर, कोंटा, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम नगर पंचायतों में भी आम चुनाव होगा।
इन शहरों में पार्षदों का उपचुनाव
इन्हीं तारीखों पर कुछ शहरों में वार्डों का उपचुनाव के लिए नामांकन जारी है। उपचुनाव वाले शहरों में बिलासपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव नगर निगम भी शामिल है। उसके अलावा गोबरा नवापारा, थान-खम्हरिया, बेमेतरा, कोंडागांव और बड़े बचेली नगर पालिका में उपचुनाव होना है। नगर पंचायत बसना, कुरूद, मगरलोड, उतई, देवकर और केशकाल के वार्डों में भी उपचुनाव सम्पन्न कराए जाने हैं।