- Home
- Chhattisgarh
- रायपुर नगर निगम, सीसीटीवी कैमरों के नाम पर जनता के पैसों की बर्बादी और भ्रष्टाचार का रच रहा नया खेल – कांग्रेस
रायपुर नगर निगम, सीसीटीवी कैमरों के नाम पर जनता के पैसों की बर्बादी और भ्रष्टाचार का रच रहा नया खेल – कांग्रेस

रायपुर/08 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने रायपुर नगर निगम द्वारा राजधानी में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए 160 स्थानों पर सौर ऊर्जा चालित सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना को भ्रष्टाचार का एक और बड़ा नमूना करार दिया है।
उन्होंने कहा कि राजधानी की बुनियादी सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और जमीनी स्तर पर कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने में पूरी तरह नाकाम रहा नगर निगम प्रशासन अब अपनी नाकामियों को छुपाने और 15वें वित्त आयोग के फंड की बंदरबांट के लिए कैमरों का नया शिगूफा लेकर आया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने कहा कि, राजधानी रायपुर निगम भाजपा महापौर को खुले आँख से दिख रही नाली, पानी, बिजली, सफाई, बैल, कुत्ते के आतंक जैसी मूलभूत समस्या का निराकरण कर पाने में पूरी तरह विफल है, उन्हें जनता की कमाई के लाखों फूँक कर कैमरे से दिखेगा उसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।
प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने आगे कहा कि शहर की मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और बस्तियों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन ठप पड़ा हुआ है। सफाई कर्मचारियों और संसाधनों की कमी से जूझ रहे शहर में जमीनी व्यवस्था सुधारने के बजाय करोड़ों रुपये कैमरों की खरीद, मेंटेनेंस और ठेकेदारी व्यवस्था में झोंकने की तैयारी चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बुनियादी सफाई तंत्र ही पूरी तरह ध्वस्त है, तो केवल कैमरे लगाकर और चालान काटकर शहर को स्वच्छ कैसे बनाया जा सकता है?
प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि, यह फंड की बर्बादी है 5वें वित्त आयोग से स्वच्छता के लिए मिले फंड का उपयोग जमीनी सफाई व्यवस्था और संसाधनों को मजबूत करने के बजाय चहेती कंपनियों को ठेका देने और कमीशनखोरी के लिए किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि, नगर निगम अपनी नाकामी का ठीकरा जनता और व्यापारियों के सिर पर फोड़कर उन पर निगरानी और दंडात्मक कार्रवाई का दबाव बना रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि कचरा उठाने की कोई सुचारू व्यवस्था ही नहीं है। बिना किसी ठोस नीति और वार्ड स्तर पर समुचित कचरा पेटी या नियमित कलेक्शन के, कैमरों के नाम पर 3 साल के संचालन और संधारण का ठेका देना सीधे तौर पर फिजूलखर्ची और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने मांग की है कि, नगर निगम प्रशासन कैमरों के नाम पर जनता के खून-पसीने की कमाई को बर्बाद करने के बजाय पहले राजधानी के प्रत्येक वार्ड में कचरा प्रबंधन, नियमित उठाव और स्वच्छता कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करे। कांग्रेस पार्टी इस प्रकार के दिखावटी और भ्रष्टाचार प्रेरित प्रोजेक्ट का पुरजोर विरोध करेगी।