• Chhattisgarh
  • 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए अलग ड्रेसिंग रूम, इंग्लैंड दौरे पर लागू होंगे विशेष नियम, जानिए वजह

15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए अलग ड्रेसिंग रूम, इंग्लैंड दौरे पर लागू होंगे विशेष नियम, जानिए वजह

8 hours ago
18

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे Vaibhav Sooryavanshi एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि इंग्लैंड दौरे के दौरान उनके लिए की गई विशेष व्यवस्था है। महज 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाने वाले वैभव को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान अलग ड्रेसिंग रूम उपलब्ध कराया जाएगा।

दरअसल, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सुरक्षा एवं बाल संरक्षण नियमों के अनुसार 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ी वयस्क खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम या शॉवर सुविधाएं साझा नहीं कर सकते। इसी वजह से वैभव के लिए हर मैदान पर अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है।

हालांकि वैभव को मैच के दौरान भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में रहने, टीम मीटिंग में शामिल होने और रणनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनने की अनुमति होगी। प्रतिबंध केवल कपड़े बदलने और मैच से पहले तथा बाद के समय पर लागू रहेगा।

सूत्रों के अनुसार भारतीय टीम को इस दौरे में तीन अलग-अलग पवेलियन रूम उपलब्ध कराए गए हैं ताकि नियमों का पूरी तरह पालन किया जा सके। वैभव के माता-पिता भी उनके साथ इंग्लैंड गए हैं और टीम होटल में ही रहेंगे, जिससे युवा खिलाड़ी को नए माहौल में सहज महसूस कराने में मदद मिलेगी।

वैभव सूर्यवंशी इन दिनों भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित नाम हैं। हाल ही में उन्होंने आईपीएल और इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। अब आयरलैंड के खिलाफ टी-20 मुकाबले में पदार्पण करते ही वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह व्यवस्था भले ही असामान्य लगे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय खेलों में नाबालिग खिलाड़ियों की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे नियम लंबे समय से लागू हैं। इंग्लैंड में फुटबॉल समेत कई खेलों में भी 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए इसी तरह के प्रावधान हैं।

 

Social Share

Advertisement