ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • भारत के श्रिमंत झा ने नॉर्वे पैरा आर्मरेसलिंग कप 2026 में जीता गोल्ड, महान गायिका आशा भोसले को समर्पित की जीत

भारत के श्रिमंत झा ने नॉर्वे पैरा आर्मरेसलिंग कप 2026 में जीता गोल्ड, महान गायिका आशा भोसले को समर्पित की जीत

2 months ago
62

नई दिल्ली। भारत के गौरव श्रिमंत झा ने नॉर्वे के ईदफ्योर्ड में आयोजित नॉर्वे पैरा आर्मरेसलिंग कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पीआईयूएच -85 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने फाइनल में पोलैंड के मार्सिन चाप्लिकी को हराकर यह बड़ी जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत को उन्होंने भारत की महान गायिका आशा भोसले को समर्पित किया है।

दुनिया भर के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच उन्होंने अपनी ताकत, तकनीक और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। यह जीत कठिन परिस्थितियों में हासिल हुई। एयर फ्रांस द्वारा लगेज मिस हो जाने के कारण श्रिमंत झा को बिना टीम इंडिया किट के मैदान में उतरना पड़ा।

उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा- “हर बार जब मैदान में उतरा, इंडिया किट पहनकर गर्व महसूस हुआ। लेकिन आज पहली बार बिना उस किट के खेलना पड़ा। एयर फ्रांस ने मेरा लगेज मिस कर दिया, और उसके साथ वो जर्सी भी जो मेरे लिए सिर्फ कपड़ा नहीं, मेरी पहचान है। आज मैदान में था, लेकिन अंदर से कुछ अधूरा था। फिर भी दिल में सिर्फ एक ही चीज़ थी मेरा भारत, रिजल्ट जो भी हो आज मैंने दर्द के साथ खेला, लेकिन पूरे दिल से।”

गौरतलब है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। श्रिमंत झा वर्तमान में विश्व में तीसरे स्थान पर और एशिया के नंबर-1 पैरा आर्मरेसलर हैं और उन्होंने भारत के लिए 64 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं।

Social Share

Advertisement