ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • कुम्हारी टोल प्लाजा होगा बंद, सांसद बृजमोहन ने कहा – जून 2026 से लोगों को मिलेगी राहत

कुम्हारी टोल प्लाजा होगा बंद, सांसद बृजमोहन ने कहा – जून 2026 से लोगों को मिलेगी राहत

5 months ago
112

रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि जून 2026 से कुम्हारी टोल प्लाजा पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इससे राजधानी सहित दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

गुरुवार को एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सांसद अग्रवाल ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि दुर्ग-आरंग बायपास के प्रारंभ होते ही टोल प्लाजा बंद कर दिया जाएगा। साथ ही मार्च 2026 के बाद किसी नए टेंडर को मंजूरी नहीं देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ के साथ रायपुर को आधुनिक एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यातायात सुगम होने के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

सड़क और ओवरब्रिज परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा

सांसद अग्रवाल ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में चल रही व प्रस्तावित सड़क, ओवरब्रिज, अंडरपास और एलिवेटेड रोड परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कचना ओवरब्रिज को मार्च 2026 तक पूर्ण करने, तेलीबांधा-जोरा ओवरब्रिज को वीआईपी रोड से जोड़ने, भनपुरी से जोरा तक एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव तैयार करने तथा रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग के उन्नयन पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा वीआईपी चौक और रिंग रोड पर जाम की समस्या को देखते हुए ग्रेड सेपरेटर, अंडरपास और नए पुलों की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। पंडरी क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत के लिए खालसा कॉलेज से मोवा तक 4.5 किमी लंबे पुल और अमलेश्वर से कुम्हारी तक खारुन नदी किनारे सड़क निर्माण पर भी विचार किया गया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजधानीवासियों को ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं से स्थायी राहत दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से ठोस और समयबद्ध योजना लागू की जाएगी। लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जाएगा और आवश्यक विषयों को आगामी लोकसभा सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। बैठक में एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Share

Advertisement