• Chhattisgarh
  • BSP स्क्रैप चोरी मामले में CBI की एंट्री : CM साय ने कहा- अब होगा दूध का दूध और पानी का पानी… बैज बोले- मामले को लटकाने की तैयारी

BSP स्क्रैप चोरी मामले में CBI की एंट्री : CM साय ने कहा- अब होगा दूध का दूध और पानी का पानी… बैज बोले- मामले को लटकाने की तैयारी

12 hours ago
30

रायपुर. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से लगभग 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंट्री हो चुकी है. जांच की कमान सीबीआई के हाथों में आते ही प्रदेश में सियासी जुबानी जंग शुरू हो गई है. एक ओर सत्ता पक्ष का कहना है कि सीबीआई जांच में मामले का पटाक्षेप हो जाएगा. वहीं विपक्ष का आरोप है कि कई नेताओं की इसमें संलिप्तता सामने आई है. मामले को लटकाने के लिए सीबीआई को केस सौंपा गया है.

अब होगा दूध का दूध और पानी का पानी : CM साय

करोड़ों रुपये के बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में सीबीआई जांच को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले में अब सीबीआई को जांच सौंप दी गई है. अब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.

इस मामले में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि काफी दिनों से मामले में जांच जारी है. इसका स्पष्टता से और व्यापक जांच होनी चाहिए. पुलिस अच्छा काम कर रही थी. जांच के बाद कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई. चूंकि लगातार मामले में बड़े स्तर पर जांच कराने की मांग सामने आई थी, अब केस सीबीआई को फॉरवर्ड किया गया है.

सीबीआई जांच पर बैज ने खड़े  किए सवाल

बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले की जांच सीबाआई को सौंपे जाने को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में क्या राज्य की पुलिस जांच नहीं कर सकती थी? यह चोरी काफी बड़ी है, जिसमें संबंधित नेताओं की गिरफ्तारी हुई है. जांच की पूछताछ के दायरे में क्या सीबीआई उन नेताओं को भी शामिल करेगी. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले को लटकाने के लिए सीबीआई को जांच सौंप दी गई है.

जानिए क्या है बीएसपी स्क्रैप चोरी मामला ?

बता दें कि 26 मई 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज के प्लॉट नंबर-18 में छापा मारा था. जांच के दौरान कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी. मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया गया था. इसके अलावा स्क्रैप की ढुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल होने वाले कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं. जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई थी. इसमें लगभग 90 लाख रुपए का लौह स्क्रैप शामिल था. पुलिस कार्रवाई में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें संजय सिंह समेत 5 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि 3 कारोबारियों ने अग्रिम जमानत ले ली है.

Social Share

Advertisement