- Home
- Chhattisgarh
- चित्रोत्पला फिल्म सिटी की धीमी प्रगति पर पर्यटन बोर्ड सख्त, निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी, ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी हो सकती है जब्त
चित्रोत्पला फिल्म सिटी की धीमी प्रगति पर पर्यटन बोर्ड सख्त, निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी, ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी हो सकती है जब्त

रायपुर। नवा रायपुर में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने संबंधित एजेंसी Eagle Studios Entertainment Limited को औपचारिक नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही संविदात्मक दायित्वों के पालन में कमी को देखते हुए एजेंसी की लगभग ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी को इनवोक/जब्त किए जाने की कार्रवाई के संबंध में भी नोटिस जारी किया गया है।
परियोजना के प्रथम चरण को 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना निर्धारित है। टूरिज्म बोर्ड की समीक्षा में पाया गया कि उपलब्ध समय की तुलना में वर्तमान प्रगति पर्याप्त नहीं है और इसी गति से कार्य जारी रहने पर निर्धारित समय-सीमा प्रभावित होने की गंभीर आशंका है।
फिल्म निर्माण से पर्यटन-रोजगार तक, छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण परियोजना
नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ में विकसित की जा रही चित्रोत्पला फिल्म सिटी को छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। परियोजना में आधुनिक फिल्म स्टूडियो, इनडोर एवं आउटडोर शूटिंग सुविधाएं, विभिन्न प्रकार के स्थायी सेट, प्री एवं पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं तथा फिल्म निर्माण से जुड़ी अन्य अधोसंरचनाएं विकसित की जानी है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने के साथ देश के अन्य हिस्सों के फिल्म निर्माताओं को राज्य की ओर आकर्षित करना, स्थानीय कलाकारों एवं तकनीकी कर्मियों के लिए अवसर बढ़ाना तथा फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
टूरिज्म बोर्ड ने एजेंसी को आवश्यक डिजाइन एवं तकनीकी दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने, संबंधित अनुमतियां प्राप्त करने, पर्याप्त तकनीकी एवं पेशेवर अमला तैनात करने तथा साइट पर वास्तविक एवं सत्यापन योग्य भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड की समीक्षा में निर्माण कार्य के पर्याप्त स्तर पर प्रारंभ न होने सहित परियोजना प्रबंधन और विभिन्न आवश्यक अनुमतियों से संबंधित कमियां भी सामने आई हैं।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि केवल आश्वासन, प्रस्तावित समय-सारिणी अथवा पत्राचार को पर्याप्त अनुपालन नहीं माना जाएगा। एजेंसी को वास्तविक एवं सत्यापन योग्य सुधार प्रदर्शित करना होगा। निर्धारित अवधि में संतोषजनक सुधार नहीं होने पर टूरिज्म बोर्ड द्वारा बैंक गारंटी के इनवोकेशन सहित अनुबंध समाप्त करने और अनुबंध एवं विधि के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
परियोजना में विलंब बर्दाश्त नहीं : प्रबंध संचालक
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा, चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता की परियोजनाओं में से एक है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप धरातल पर दिखाई देने वाली ठोस प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं होने पर बैंक गारंटी जब्त करने से लेकर अनुबंध के तहत उपलब्ध अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य स्पष्ट है कि यह महत्वपूर्ण परियोजना समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूरी जवाबदेही के साथ पूरी हो।