ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • बिलासपुर के यश ने मुंबई में गाड़े झंडे, 4 साल में 60 से ज्यादा विज्ञापन और कई बड़ी वेब सीरीज में दिखाई प्रतिभा

बिलासपुर के यश ने मुंबई में गाड़े झंडे, 4 साल में 60 से ज्यादा विज्ञापन और कई बड़ी वेब सीरीज में दिखाई प्रतिभा

1 month ago
49

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के 27 खोली निवासी यशवर्धन सिंह चौहान इन दिनों मुंबई में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बना रहे हैं। महज 26 वर्ष की उम्र में यश ने ओटीटी प्लेटफार्म पर कई चर्चित वेब सीरीज में काम कर अभिनय की दुनिया में मजबूत कदम रख दिया है। चलिए आपको पूरी स्टोरी बताते हैं।

बिलासपुर। शहर के 27 खोली निवासी यशवर्धन सिंह चौहान इन दिनों मुंबई में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बना रहे हैं। महज 26 वर्ष की उम्र में यश ने ओटीटी प्लेटफार्म पर कई चर्चित वेब सीरीज में काम कर अभिनय की दुनिया में मजबूत कदम रख दिया है। चार वर्षों के छोटे से करियर में ही उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाकर दर्शकों और निर्देशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

बिलासपुर पहुंचे यश चौहान ने नईदुनिया से बातचीत में अपने संघर्ष, अनुभव और अभिनय के सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि मुंबई में टिके रहना आसान नहीं है, लेकिन अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत से पीछे न हटें, तो रास्ता जरूर निकलता है।

यशवर्धन सिंह चौहान ने हॉटस्टार की चर्चित वेब सीरीज सर्चिंग द नैना मर्डर केस में आहन के किरदार से खास पहचान बनाई। इस वेब सीरीज के निर्देशक सीपी थे। इसके अलावा उन्होंने नेटफ्लिक्स की डब्बा कार्टेल वेब सीरीज और सीआइडी सीजन-4 के एपिसोड-42 में हैकर की भूमिका निभाई। यश कलर्स चैनल के लोकप्रिय धारावाहिक नागिन में भी नजर आ चुके हैं।

मुंबई में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए यश कहते हैं, “मैं बिल्कुल जीरो से मुंबई पहुंचा था। मेरा लक्ष्य साफ था कि मुझे फिल्म और अभिनय की दुनिया में ही करियर बनाना है। कैमरे के सामने अपनी प्रतिभा दिखाना मुझे बेहद पसंद है।” उन्होंने बताया कि शुरुआत में कुछ महीनों तक एक्टिंग की ट्रेनिंग ली, उसके बाद लगातार आडिशन देने शुरू किए।

बिना फोकस के मुंबई की भीड़ में खो जाओगे : यश

यश चौहान का मानना है कि अभिनय में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले मानसिक रूप से तैयार होना जरूरी है। वे कहते हैं, जो लोग इस फील्ड में आना चाहते हैं, उन्हें घर-परिवार से दूर रहकर मुंबई में कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। लक्ष्य तय करें कि सिर्फ एक्टिंग ही करनी है और उसी पर डटे रहें। अगर ध्यान भटक गया तो मुंबई की भीड़ में उलझकर रह जाएंगे। मुंबई बहुत बड़ा शहर है, यहां फोकस सबसे जरूरी है।

मुंबई में काम को लेकर यश कहते हैं, यहां हर किसी के लिए काम है, बस काम आना चाहिए। सही समय पर सही लोगों से मिलना भी जरूरी है। इसके बाद किस्मत भी अपनी भूमिका निभाती है। मुंबई मेहनत देखता है और यहां काफी सब्र रखना पड़ता है।

नुसरत से बोमन तक, यश ने साझा किया स्क्रीन

वेब सीरीज के अलावा यश चौहान नामी कंपनियों के विज्ञापनों में भी काम कर चुके हैं। अब तक वे 60 से अधिक विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। इस दौरान उन्होंने नुसरत भरूचा, शबाना आजमी, कोंकणा सेन, कार्तिक आर्यन, पूजा हेगड़े, कियारा आडवाणी, वाणी कपूर, बोमन ईरानी और क्रिकेटर रवि शास्त्री जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया है।

पढ़ाई पूरी की, सपनों के पीछे मुंबई निकल पड़े

यश चौहान ने अपनी 10वीं तक की पढ़ाई बिलासपुर के सेंट पालिटी स्कूल से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वे भिलाई चले गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए मुंबई का रुख किया। आज कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यश ओटीटी प्लेटफार्म पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

 

Social Share

Advertisement