24 घंटे में 81,398 नए मरीज मिले, यह बीते 6 महीने में सबसे ज्यादा; लगातार दूसरे दिन 450 से ज्यादा संक्रमिताें की मौत
5 years ago
223
0


नई दिल्ली, 02 अप्रैल 2021/ देश में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गुरुवार को 81,398 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 50,384 मरीज ठीक हुए और 468 लोगों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक ही दिन में 30,543 की बढ़ोतरी हुई।
गुरुवार को नए केस का आंकड़ा 1 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा रहा। तब 81,785 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी 450 के पार रहा। इससे एक दिन पहले ही 458 लोगों ने दम तोड़ा था।
देश में अब तक करीब 1.23 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.15 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.63 लाख ने जान गंवाई है। अब एक्टिव केस 6.10 लाख हो गए हैं। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स…
- रूसी कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-वी को भारत में इमरजेंसी यूज के लिए अभी और इंतजार करना होगा। सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (SEC) की गुरुवार को हुई मीटिंग में डॉक्टर रेड्डीज से और डेटा की मांग की गई है। डॉ. रेड्डीज भारत में इसके दो फेज का ट्रायल पूरा कर चुकी है। कंपनी अभी तीसरे फेज के ट्रायल पर काम कर रही है।
- एक्टर रणबीर कपूर के बाद अभिनेत्री आलिया भट्ट भी कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, आमिर खान, कार्तिक आर्यन, विक्रांत मैसी, मनोज बाजपेयी, बप्पी लहरी, तारा सुतारिया के बाद बिग बॉस फेम एक्ट्रेस मोनालिसा का नाम कोरोना संक्रमित हस्तियों में जुड़ गया है।
- कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेलवे ने अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस को 2 अप्रैल से 2 मई तक रद्द कर दिया है।
- देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने अप्रैल में रोज वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र ने राज्यों से कहा है कि सरकारी छुट्टी वाले दिन भी सरकारी और प्राइवेट सेंटर्स पर लोगों को टीका लगाने की व्यवस्था की जाए।