• breaking
  • News
  • कांग्रेस मुख्यालय से ED कार्यालय की ओर पैदल निकले मुख्यमंत्री को पुलिस ने रोका, सड़क पर धरना

कांग्रेस मुख्यालय से ED कार्यालय की ओर पैदल निकले मुख्यमंत्री को पुलिस ने रोका, सड़क पर धरना

3 years ago
145
ED कार्यालय की ओर निकले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ छत्तीसगढ़ के मंत्री और विधायक भी थे। - Dainik Bhaskar

 

रायपुर, 21 जून 2022/   राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय-ED से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का संग्राम पांचवे दिन भी तेज हो गया है। ED के दफ्तर में राहुल गांधी ने नेशनल हेराल्ड केस के बारे में पूछताछ जारी है। वहीं कांग्रेस मुख्यालय से ED कार्यालय की ओर प्रदर्शन करने जा रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पुलिस ने रोक लिया है। मुख्यमंत्री सड़क पर बैठकर धरना दे रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अग्निपथ योजना एवं ED की कार्रवाई को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। तय हुआ कि सभी नेता-कार्यकर्ता आज भी ED कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध जताएं।

युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के जत्थों ने अलग-अलग बैठक कर रणनीति तय की। उसके बाद सभी लोग अलग-अलग टुकड़ियों में बंटकर ED दफ्तर की ओर पैदल निकले। थोड़ी ही दूर पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड लगाकर रोक लिया। पुलिस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी रोक लिया। उसके बाद मुख्यमंत्री सहित तमाम मंत्री-विधायक सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शन के लिए निकलने से पहले मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की।

सभी विधायक दिल्ली जाने लगे हैं

कांग्रेस ने देश भर के अपने सभी सांसदों-विधायकों को दिल्ली बुलाया है। सुबह मंत्री अमरजीत भगत, बिलासपुर विधायक शैलेश पाण्डेय सहित दर्जन भर विधायक वहां पहुंच गए हैं। कुछ लोग दोपहर की उड़ान से रवाना हुए हैं। दूर-दराज के विधायक भी शाम तक रायपुर पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे, ऐसी सूचना है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 71 विधायक हैं।

कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय में ही डेर डाला

देश भर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं में से कई ने कांग्रेस मुख्यालय में ही डेरा जमा लिया है। कांग्रेस से गए कई लोग वहीं रह रहे हैं। रैलियों, प्रदर्शनों में भाग लेने के बाद वहीं खाना खा रहे हैं और वहीं पर रात में भी सो रहे हैं। जो लोग दूसरी जगहों पर रुके हैं वे भी देर रात तक कांग्रेस मुख्यालय में जमे रह रहे हैं।

Social Share

Advertisement