ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ में 18 + के टीके आज खत्म हो रही 4 सप्ताह की अवधि, अगले दो सप्ताह के भीतर लगाना ही होगा दूसरा डोज

छत्तीसगढ़ में 18 + के टीके आज खत्म हो रही 4 सप्ताह की अवधि, अगले दो सप्ताह के भीतर लगाना ही होगा दूसरा डोज

5 years ago
163

प्रदेश सरकार के खर्च पर 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण अभियान एक मई से शुरू हुआ था। शुरुआती दिनों में केवल कोवैक्सीन लगाई गई थी। - Dainik Bhaskar

 

 

रायपुर, 28 मई 2021/   छत्तीसगढ़ में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण कार्यक्रम पर संकट बना हुआ है। यह संकट फिलहाल कोवैक्सीन लगवा चुके लोगों के दूसरे डोज का है। जिन लोगों ने 1 मई को टीके की पहली खुराक ली थी, उनकी 4 सप्ताह यानी 28 दिन की अवधि आज शुक्रवार को खत्म हो रही है। अगर उन्हें अगले दो सप्ताह में वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं मिली तो उनका पहला डोज लेना भी बेकार जाएगा।

छत्तीसगढ़ में संचालक एपिडेमिक कंट्रोल डॉ. सुभाष मिश्र का कहना है कि कोवैक्सीन के मामले में पहला टीका लगने के 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाने का प्रोटोकाल है। इस गैप को 14 दिन आगे बढ़ाया जा सकता है। सामान्य स्थितियों में यह इससे अधिक नहीं हो सकता। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमर सिंह ठाकुर ने भी कहा, कोवैक्सीन की पहली खुराक के चार से छह सप्ताह के बीच दूसरी खुराक लग जानी चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो पहली खुराक भी बेअसर साबित होगी। डॉक्टरों का कहना है कि दूसरा डोज लगने के 14-15 दिन बाद शरीर में कोराेना वायरस से लड़ने की क्षमता यानी एंटीबॉडी विकसित होती है। इस मान से देखें तो एक मई को जिन 1945 लोगों को कोवैक्सीन टीका लगाया गया उनको 29 मई से 11 जून के बीच उसकी दूसरी खुराक मिल जानी चाहिए। अभी सरकार के पास कोवैक्सीन की 3 हजार 409 डोज बची हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में नई खेप मिल जाएगी। ऐसे में शुरुआत में टीका लगवा चुके लोगों को इन दो सप्ताह में टीका लगवाने में कोई खास दिक्कत नहीं आएगी।

18+ टीकाकरण पर गंभीर संकट:छत्तीसगढ़ के पास कोवैक्सीन का दूसरा डोज लगाने की वैक्सीन ही नहीं, समय से नहीं मिला तो पहली डोज भी होगी बेकार

पहला डोज लेने के बाद कोरोना हो गया तो कब लगेगा टीका

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमर सिंह ठाकुर ने बताया, पहला डोज लेने के बाद अगर कोई व्यक्ति संक्रमित हो जाता है तो उसे ठीक होने के बाद 3 महीने तक इंतजार करना होगा। ठीक हाेने की गणना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के 17 दिन बाद से मानी जाती है। अगर संक्रमित मरीज को इलाज के दौरान एंटीबॉडी अथवा प्लाज्मा दिया गया है तो अस्पताल से डिस्चार्ज होने के तीन महीने बाद दूसरी डोज लगेगी।

कोई दूसरी बीमारी हाे गई तो कैसे लगेगा टीका

डॉक्टरों ने बताया, अगर किसी व्यक्ति को किसी दूसरे गंभीर रोग में अस्पताल में भर्ती होना पड़ा अथवा ICU में भर्ती होने की नौबत आ गई तो ठीक होने के बाद 4 से 8 सप्ताह तक इंतजार कर टीका लगवाना चाहिए। टीकाकरण के 14 दिन से पहले रक्तदान नहीं किया जा सकता। संक्रमित मरीज को भी RTPCR टेस्ट निगेटिव आने के 14 दिन से पहले रक्तदान नहीं करना चाहिए।

वैक्सीन की बर्बादी पर विवाद : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की VC में छत्तीसगढ़ में 50% वेस्टेज बताया था, राज्य सरकार ने चिट्‌ठी लिखकर कहा- यहां बर्बादी 1% से भी कम

केंद्र से मांगी 45 + कोटे से वैक्सीन लेने की अनुमति

छत्तीसगढ़ में कोवैक्सीन टीकों की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मदद मांगी है। स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा गया है कि अगर संभव हो तो केंद्र सरकार के चैनल से 45 + के लोगों के लिए भेजी गई कोवैक्सीन में से दूसरा डोज लगाने की अनुमति दी जाए।

Social Share

Advertisement