ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • 10 करोड़ की संपत्ति अप्रैल में नीलाम, कुल 300 करोड़ की बेचेंगे, किसी कंपनी ने कोर्ट में नहीं लगाई अर्जी

10 करोड़ की संपत्ति अप्रैल में नीलाम, कुल 300 करोड़ की बेचेंगे, किसी कंपनी ने कोर्ट में नहीं लगाई अर्जी

5 years ago
238
चिटफंड कंपनियों के 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क, 80 एजेंटों का नाम लिस्ट से हटा  | INDIANEWSROOM

 

 

रायपुर, 06 मार्च 2021/   चिटफंड कंपनियों की संपत्ति बेचकर पैसा निवेश करने वाले लोगों को बांटने की कवायद तेज हो गई है। रायपुर सहित राज्य के कई शहरों में 31 चिटफंड कंपनियों की 300 करोड़ से ज्यादा की प्रापर्टी की पहचान कर ली गई है। इनकी कुर्की के लिए कागजी प्रक्रिया शुरु कर दी गई है।

रायपुर में 10 करोड़ की प्रापर्टी की नीलामी एक महीने के भीतर कर दी जाएगी। नीलामी के बाद मिलने वाले पैसे कंपनी में निवेश करने वाले लोगों में बांट दिए जाएंगे। अफसरों का दावा है इन प्रापर्टी की नीलामी में किसी तरह का कानूनी पेंच नहीं है। कुर्की के आदेश होने के बाद भी अब तक किसी प्रापर्टी को लेकर कोर्ट में याचिका नहीं लगायी गई है।

इसी वजह से एक महीने के भीतर नीलामी की सूचना जारी कर दी जाएगी। इसी तरह राज्यभर में 31 चिटफंड कंपनियों की प्रापर्टी की सूची तैयार कर ली गई है। एक-एक कंपनी की प्रापर्टी को जिलेवार कुर्क करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के सरकारी प्रयास किए जा रहे हैं। इन कंपनियों की संपत्ति बेचने से बड़े पैमाने पर निवेशकों के पैसे लौटाए जा सकेंगे। अभी तक इसी फार्मूले से बालोद, धमतरी, राजनांदगांव, बस्तर समेत कुछ जिलों में कंपनियों की संपत्ति कुर्क कर लोगों को पैसे दिए जा चुके हैं।

दो महीने में रकम मिल सकती है वापस
रायपुर में पिछले साल आठ चिटफंड कंपनियों की 12 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई थी, लेकिन इन सभी कंपनियों ने तात्कालिक कलेक्टर के फैसले के खिलाफ जिला, हाई और सुप्रीम कोर्ट तक में याचिका दायर कर दी। इसलिए अभी तक इन कंपनियों की संपत्तियों की नीलामी नहीं हो सकी है।

इस साल यानी जनवरी में माइक्रो फायनेंस और गुरुकृपा रियल्टी चिटफंड कंपनियों की करीब 35 एकड़ जमीन, जेएसवी डेवलपर इंडिया लिमिटेड कंपनी की करीब एक एकड़ जमीन को कुर्क किया जा चुका है। प्रशासनिक अफसरों के अनुसार अब चार कंपनियों की प्रॉपर्टी की नीलामी से 10 करोड़ मिल सकते हैं। इस रकम को तुरंत ही पीड़ितों में बांटे जाएंगे।

सवा लाख पीड़ित केवल रायपुर में
राज्य सरकार ने चिटफंड कंपनियों में रकम गंवाने वाले लोगों से 2019 में लिखित आवेदन मंगाए थे। उस समय केवल रायपुर जिले के ही सवा लाख लोगों ने रकम वापसी के लिए आवेदन किया। इसी तरह जिन 31 कंपनियों की प्रॉपर्टी सीज करने का फैसला किया गया है उनमें भी करीब 1 लाख लोगों ने निवेश किया है।

इन कंपनियों की संपत्ति सीज होने से 2.20 लाख से ज्यादा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सालों से अपनी रकम वापसी की राह देख रहे लोगों को पैसे मिल सकेंगे। पीएसीएल इंडिया लिमिटेड की निवेश योजना पर्ल्स में रायपुर समेत आसपास के जिलों के लोगों ने करोड़ों रुपए निवेश किए थे।

^ जिन चिटफंड कंपनियों की संपत्ति कुर्क की गई है उनकी संपत्तियों की नीलामी की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक महीने के भीतर संपत्तियों की नीलामी की जाएगी। इससे मिलने वाली रकम जल्द से जल्द लोगों को वापस कर दी जाएगी।
डॉ. एस भारतीदासन, कलेक्टर

Social Share

Advertisement