ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • पलटवार : पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल बोले- नड्‌डा कौन हैं, बताने की जरुरत नहीं, पर पप्पू कौन है यह सारा देश जानता है

पलटवार : पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल बोले- नड्‌डा कौन हैं, बताने की जरुरत नहीं, पर पप्पू कौन है यह सारा देश जानता है

5 years ago
286
तस्वीर भाजपा कार्यालय की है। बृजमोहन अग्रवाल ने यहां बताया कि 22 जनवरी को रायपुर कलेक्टोरेट का किसानों के मुद्दे पर घेराव किया जाएगा। - Dainik Bhaskar
रायपुर में भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान दिया बयान
राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कौन हैं जेपी नड्‌डा
22 जनवरी को प्रदेशभर में भाजपा करने जा रही है विरोध प्रदर्शन

 

रायपुर, 20 जनवरी 2021/   पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए जोरदार सियासी हमला किया है। राहुल गांधी ने पूछा था कि नड्डा कौन है ? जवाब में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह हमें बताने की जरूरत नहीं सारा देश जानता है और सारा देश यह भी जानता है कि पप्पू कौन है। प्रदेश की जनता और देश की जनता को समझना चाहिए कि जो इस तरह की बातें करने वाले कितने अज्ञानी लोग हैं। अग्रवाल ने आगे कहा कि मुझे लगता है यह ओछापन है.. एक तरीके का छोटापन है। यह जनता के बीच राजनीतिज्ञों की छवि गिराने की कोशिश है। ऐसे लोगों को जनता से सम्मान की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल रायपुर में भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बातें कह रहे थे।

यहां से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी ने जेपी नड्डा की तरफ से उठाए सवालों का जवाब देते हुए यह कहा कि आखिर जेपी नड्डा है कौन, क्या वह हिंदुस्तान के प्रोफेसर हैं जो मैं उनकी बातों का जवाब दूं। मंगलवार को राहुल गांधी की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस से ठीक पहले जेपी नड्डा ने चीन, कृषि कानून, और कोविड-19 के मुद्दों पर कुछ सवाल ट्वीट के जरिए राहुल गांधी से पूछे थे।

22 को भाजपा करेगी कलेटोरेट का घेराव
भाजपा कार्यालय में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का असल मकसद 22 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन की जानकारी देना था। बृजमोहन अग्रवाल के सियासी प्रतिद्वंदी माने जाने वाले राजेश मूणत, उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेस के लिए आए। राजेश मूणत ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को शुरू में होस्ट किया और उसके बाद माइक बृजमोहन अग्रवाल को थमाया। इसके बाद अग्रवाल ने बताया कि 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ के तमाम जिलों में कलेक्ट्रेट घेराव का कार्यक्रम किया जाएगा। सरकार की नीतियों की वजह से किसान परेशान हैं । विरोध प्रदर्शन में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और राज्य की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी शामिल होंगी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।

पुरंदेश्वरी के हंटर से कांग्रेस कांप रही है
बृजमोहन अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि डी पुरंदेश्वरी के हंटर से कांग्रेस कांप रही है। असल में यह उस बयान का पलटवार था जो एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने दिया था । भूपेश बघेल ने भाजपा के 22 जनवरी के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी का हंटर चल रहा है, इसलिए भाजपा के नेता सरकार के खिलाफ सक्रिय हुए हैं और आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं।

1300 करोड़ का धान सड़ गया कौन जिम्मेदार है
बृजमोहन अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सरकार की कृषि नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुरानी फसलों का न तो पेमेंट हो रहा है, ना ही किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। उन्हें बोनस के पैसे भी नहीं दिए जा रहे। मैंने विधानसभा में सरकार से सवाल पूछा था जिसमें आधिकारिक तौर पर मुझे जवाब दिया गया कि 4 लाख 17 हजार टन पिछले साल का धान यूं ही पड़ा हुआ है। इसकी कीमत लगभग 1300 करोड़ है। इस धान की मिलिंग नहीं हुई। इसकी जिम्मेदारी किसकी है, यह सरकार को तय करना चाहिए। आखिरकार वह जनता का पैसा है। क्या सरकार मिलिंग ना हो पाने के मामले में अपराध दर्ज करेगी। छत्तीसगढ़ से धान का कटोरा कहलाने का सौभाग्य भी पंजाब ने छीन लिया। पंजाब छत्तीसगढ़ से 3 गुना ज्यादा धान की पैदावार कर रहा है, यह सरकार की गलत नीतियों की वजह से है।

Social Share

Advertisement