ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ के पहले ई-मेगा विधिक सेवा शिविर से 4 लाख 40 हजार लोगों को फायदा

छत्तीसगढ़ के पहले ई-मेगा विधिक सेवा शिविर से 4 लाख 40 हजार लोगों को फायदा

5 years ago
265

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा ने किया शुभारंभ

प्रदेश के 23 जिलों और 64 तहसीलों में एक साथ आयोजित हुआ ऑनलाइन शिविर

 

 

रायपुर/बिलासपुर, 31 अक्टूबर 2020/   राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा राज्य की प्रथम ई-मेगा कैम्प सीरीज आज शुरू हो गई। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा ने इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। विभिन्न विभागों के सहयोग एवं समन्वय से इस ई-मैगा कैम्प को प्रदेश के 23 जिलों और 64 तहसीलों में आयोजित किया गया। कैम्प की शुरूआत में ही 4 लाख 40 हजार से अधिक लोगों को एक सौ ग्यारह करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया गया।

शिविर का उद्घाटन करते हुए न्यायमूर्ति मिश्रा ने कहा, ई-मेगा कैम्प जन जागरूकता के लिए एक अभिनव प्रयास है। वर्तमान कोविड की परिस्थिति में विधिक साक्षरता की गतिविधियां ई प्लेटफार्म पर हो रही है। राज्य में पहली ई-लोक अदालत सफल रूप से आयोजित होने के पश्चात ई-मेगा कैम्प पर विचार किया गया। जब-जब विकट स्थिति उत्पन्न होती है तो कंधे से कंधा मिलाकर कार्यपालिका और न्यायपालिका यह प्रयास करते हैं कि अंतिम छोर के व्यक्तियों को उनका अधिकार दिलायें। कोविड की परिस्थिति से निपटने के लिए सरकार अपना कार्य बखूबी कर रही है लेकिन इस परिस्थिति में योजनाओं को पहुंचाने के लिए ई -मेगा कैम्प एक अच्छा प्लेटफार्म है। उन्होंने बताया कि पैरालीगल वालंटियर, जमीनी स्तर पर जाकर जरूरत मंद लोगों तक योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस कैम्प के माध्यम से यदि किसी व्यक्ति को तत्काल लाभ मिल रहा है तो यह इसकी बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि ई-मेगा कैम्प के माध्यम से शासन की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने के लिए पूरे नवम्बर माह तक कार्यवाही जारी रहेगी। हाईकोर्ट कम्प्यूटराईजेशन कमेटी के चेयरमेन न्यायमूर्ति मनिन्द्र मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि कोविड की परिस्थिति में यह एक चुनौती से भरा प्रयास है। राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लोगों तक न्याय पहुंचाने के लिए नयी नयी योजनाएं बनाती है लेकिन इसके लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा, शासन के सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए एक प्लेटफार्म पर आए हैं।

सद्भावना श्रृखंला का शुभारंभ

इस अवसर पर सद्भावना श्रृंखला लांच की गई। यूट्यूब के माध्यम से जनचेतना चैनल संचालित कर विभिन्न कानूनों की जानकारी से संबंधित विडियो इसमें अपलोड किये जा रहे हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अंध, मूक बधिर निःशक्तों के लिए सद्भावना विधिक श्रृंखला आज से चालू की गई।

Social Share

Advertisement