• Chhattisgarh
  • NMDC के डिपॉजिट-14 में भूस्खलन: मलबे से 30 हेक्टेयर जंगल तबाह, वन विभाग ने किया अपराध दर्ज

NMDC के डिपॉजिट-14 में भूस्खलन: मलबे से 30 हेक्टेयर जंगल तबाह, वन विभाग ने किया अपराध दर्ज

7 hours ago
23

दंतेवाड़ा। लौह अयस्क के खनन से देश के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाने वाली NMDC की परियोजनाएं अब बस्तर के जंगलों और ग्रामीण इलाकों के लिए कितनी बड़ी चुनौती बन रही हैं, इसकी एक गंभीर तस्वीर किरंदुल से सामने आई है। डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन ने सिर्फ पहाड़ का मलबा नीचे नहीं गिराया, बल्कि अपने साथ जंगल, वनस्पति और प्राकृतिक जलस्रोत को भी नुकसान पहुंचाया है।

ओवरबर्डन के कारण 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित

17 नवंबर की रात हुई इस घटना में खनन से निकला ओवरबर्डन यानी अपशिष्ट मलबा नीचे आकर वन विभाग के आरक्षित वन क्षेत्र तक फैल गया। वन विभाग की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जबकि लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा नाला भी मलबे की चपेट में आया है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। अब सवाल यह है कि आखिर खनन से निकलने वाले मलबे के निस्तारण की जिम्मेदारी किसकी थी और यदि व्यवस्था सही थी, तो इतना बड़ा नुकसान कैसे हो गया?

किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन ने NMDC की खनन गतिविधियों और ओवरबर्डन के सुरक्षित निस्तारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहाड़ से खिसका मलबा नीचे स्थित वन क्षेत्र में जा पहुंचा और अपने साथ पेड़-पौधों, प्राकृतिक वनस्पति तथा जंगल के पुनर्जीवन यानी रीजनरेशन को प्रभावित करने की आशंका छोड़ गया।

वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 आरक्षित वन क्षेत्र में इस घटना का असर सामने आया है। वन विभाग सीसीएफ स्टाइलो मंडावी ने शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होने की जानकारी दी है। इसके साथ ही लगभग तीन किलोमीटर लंबे नाले में भी खनन का अपशिष्ट पदार्थ पहुंचने की बात कही गई है। यानी मामला सिर्फ पहाड़ से मलबा गिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि जंगल और प्राकृतिक जलप्रवाह की व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ा है।

संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज

इस मामले में वन विभाग की कार्रवाई भी सामने आई है। विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी नुकसान का अंतिम आकलन नहीं हुआ है। विभाग का कहना है कि जब तक भूस्खलित मलबा स्थिर नहीं हो जाता, तब तक मौके पर विस्तृत निरीक्षण करना संभव नहीं है। इसके बाद पेड़-पौधों, वनस्पति और जंगल के पुनर्जीवन को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा। लेकिन सवाल यह है कि जब खनन से निकलने वाले ओवरबर्डन के निस्तारण की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है, तो फिर उसके मलबे ने आरक्षित वन क्षेत्र और प्राकृतिक नाले तक पहुंचकर इतनी बड़ी तबाही कैसे मचाई?

जानिए CCF बस्तर स्टाइलो मंडावी का क्या कहना है

मुख्य वन संरक्षक (CCF) बस्तर स्टाइलो मंडावी का इस मामले में कहना है कि 17 नवंबर की रात किरंदुल के डिपॉजिट-14 का ओवरबर्डन भूस्खलित होकर नीचे गिरा। इससे वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 आरक्षित वन क्षेत्र में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान है। लगभग ढाई से तीन किलोमीटर का नाला भी प्रभावित हुआ है और भूस्खलित अपशिष्ट पदार्थ नाले में पहुंचे हैं। संबंधित एजेंसी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया है। मलबा स्थिर होने के बाद मौके का निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा। पेड़-पौधों और जंगल के पुनर्जीवन को हुए नुकसान की जानकारी भी विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।

कांग्रेस ने की 7 सदस्यीय जांच दल की मांग

इधर इस घटना को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस ने सात सदस्यीय जांच दल के जरिए घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों को हुए नुकसान और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि खनन से जुड़े अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बस्तर में खनन और औद्योगिक विकास के नाम पर पहले ही जंगलों, पहाड़ों और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में डिपॉजिट-14 की यह घटना कई गंभीर सवाल छोड़ रही है। यदि खनन का अपशिष्ट सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जा रहा था, तो आखिर यह मलबा आरक्षित वन क्षेत्र और नाले तक कैसे पहुंचा? क्या ओवरबर्डन डंपिंग की निगरानी में चूक हुई? क्या पर्यावरणीय सुरक्षा के तय मानकों का पालन किया गया? और सबसे अहम सवाल यह कि जंगल, जलस्रोत और प्रभावित ग्रामीणों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

NMDC के लिए खनन से होने वाला उत्पादन और आर्थिक उपलब्धियां भले ही महत्वपूर्ण हों, लेकिन बस्तर के जंगलों और यहां रहने वाले लोगों की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि जांच में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और प्रभावित वन क्षेत्र को हुए नुकसान की भरपाई के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

 

Social Share

Advertisement