- Home
- Chhattisgarh
- कांग्रेस की आपसी कलह पर भाजपा नेताओं का तंज, डिप्टी CM साव बोले- आपस में लड़कर खत्म हो जाएगी पार्टी, सांसद पांडेय ने कहा- पार्टी को मुगली घुट्टी पिलाने की जरूरत…
कांग्रेस की आपसी कलह पर भाजपा नेताओं का तंज, डिप्टी CM साव बोले- आपस में लड़कर खत्म हो जाएगी पार्टी, सांसद पांडेय ने कहा- पार्टी को मुगली घुट्टी पिलाने की जरूरत…

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जारी आपसी खींचतान को लेकर भाजपा नेताओं ने निशाना साधा है। भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच विवाद पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अब कांग्रेस आपस में लड़कर खुद ही समाप्त होने वाली है। वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने भी इस अंदरूनी खींचतान पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को मुगली घुट्टी 555 पिलाने की जरूरत बताई है।
जनता ने कांग्रेस के कार्यकाल को भुगता- अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में यह सब चलता रहता है और चल ही रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल को भुगता है। अब आपस में लड़कर कांग्रेस पार्टी ही समाप्त होने वाली है।
कांग्रेस को पिलानी होगी मुगली घुट्टी 555- सांसद संतोष पांडेय
वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने भी कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। दीपक बैज, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और भूपेश बघेल के बीच खींचतान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक खींचतान का दौर जारी है। कांग्रेस को फिर से मुगली घुट्टी 555 पिलाने की जरूरत है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए AICC सचिवों की नियुक्ति की है। फेरबदल के तहत भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा विजय जांगिड समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया है। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर के सोशल मीडिया पोस्ट से बखेड़ा खड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इति सिद्धम।’
Advertisement