- Home
- Chhattisgarh
- दिग्गज नेता नजरअंदाज : कांग्रेस के आरोप पर मंत्री जायसवाल ने किया पलटवार, कहा- भाजपा में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता
दिग्गज नेता नजरअंदाज : कांग्रेस के आरोप पर मंत्री जायसवाल ने किया पलटवार, कहा- भाजपा में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता

रायपुर. भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेताओं को नजरअंदाज करने वाले कांग्रेस के आरोप पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है. मंत्री जायसवाल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस की तरह नहीं है. भाजपा में कोई पद बड़ा या छोटा नहीं होता है. कांग्रेस हर वक्त उपेक्षा करने में लगी रहती है, इसलिए उन्हें हर जगह यही नजर आता है.
मंत्री जायसवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि सासंद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा का अध्यक्ष और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया का प्रभारी बनाकर उन्होंने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है.
कांग्रेस को अपने नेताओं का घेराव करना चाहिए : मंत्री जायसवाल
रायपुर जिले के नकटी गांव में बीते दिनों हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है. अब वह विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले के घेराव की तैयारी में है. इसे लेकर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने जनप्रतिनिधियों का घेराव करना चाहिए. कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है.
अच्छा होता कांग्रेस भ्रष्टाचार की समिति बना लेती : मंत्री जायसवाल
कांग्रेस के धान खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोपों पर मंत्री जायसवाल ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अच्छा होता कांग्रेस अपने कार्यकाल के भ्रष्टाचार की समिति बना लेती. वह अपने भ्रष्टाचार की जांच करा लें. भाजपा कार्यकाल में समय पर धान का उठाव किया जा चुका है.