ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • ODI World Cup 2027 Qualifier Schedule: वर्ल्ड कप में अब सीधे नहीं मिलेगी एंट्री, ICC ने बदला क्वालिफायर सिस्टम, दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज पर फिर संकट

ODI World Cup 2027 Qualifier Schedule: वर्ल्ड कप में अब सीधे नहीं मिलेगी एंट्री, ICC ने बदला क्वालिफायर सिस्टम, दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज पर फिर संकट

11 hours ago
14

ODI World Cup 2027 Qualifier Schedule: 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नए फॉर्मेट के तहत अब कई टीमों के लिए सीधे विश्व कप में जगह बनाना आसान नहीं होगा। ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है।

10 टीमों के बीच खेला जाने वाला क्वालिफायर टूर्नामेंट 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक आयोजित होगा। हालांकि, इसकी मेजबानी कौन-सा देश करेगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

विजेता को मिलेगी सीधी एंट्री

2027 वनडे वर्ल्ड कप में इस बार 14 टीमें हिस्सा लेंगी। नए फॉर्मेट के मुताबिक क्वालिफायर जीतने वाली टीम को सीधे मुख्य ग्रुप स्टेज में जगह मिलेगी।

वहीं, क्वालिफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें बाहर नहीं होंगी। इन तीनों के बीच ‘सुपर सीरीज’ खेली जाएगी। इस चरण की विजेता टीम विश्व कप के अगले दौर में पहुंचकर टॉप-12 टीमों का हिस्सा बनेगी।

तीन देशों में होगा विश्व कप

2027 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन 4 अक्टूबर से 11 नवंबर 2027 के बीच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट के मुकाबले 12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इनमें 8 वेन्यू दक्षिण अफ्रीका, 3 जिम्बाब्वे और 1 नामीबिया में होंगे।

कौन खेलेगा क्वालिफायर?

क्वालिफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें 30 सितंबर 2026 तक की ODI रैंकिंग के आधार पर मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर सबसे निचली रैंकिंग वाली दो फुल मेंबर टीमें शामिल होंगी।

इसके अलावा ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की शीर्ष चार टीमें सीधे क्वालिफायर में पहुंचेंगी। बाकी चार स्थान वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ से तय होंगे।

प्लेऑफ में लीग-2 की निचली चार टीमों और चैलेंज लीग से क्वालिफाई करने वाली चार टीमों के बीच मुकाबला होगा। यहां से शीर्ष चार टीमें क्वालिफायर के लिए टिकट हासिल करेंगी। हालांकि, प्लेऑफ का फॉर्मेट अभी घोषित नहीं किया गया है।

वेस्टइंडीज की बढ़ी चिंता

दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के सामने एक बार फिर क्वालिफायर खेलने का खतरा मंडरा रहा है। टीम फिलहाल ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है और 30 सितंबर 2026 की कट-ऑफ तारीख से पहले उसे भारत के खिलाफ सिर्फ दो वनडे मुकाबले खेलने हैं।

वेस्टइंडीज की उम्मीदें सिर्फ अपनी जीत पर नहीं, बल्कि अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज पर भी टिकी हैं। अगर आयरलैंड अफगानिस्तान को 4-1 या 5-0 से हराने में सफल रहता है और वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ दोनों मैच जीत लेता है, तो उसके शीर्ष-8 में पहुंचने की संभावना बनी रहेगी। लेकिन अगर अफगानिस्तान सीरीज जीत जाता है, तो कैरेबियाई टीम का क्वालिफायर खेलना लगभग तय माना जा रहा है।

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाया था। हरारे में खेले गए क्वालिफायर में नीदरलैंड्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद टीम पहली बार वनडे विश्व कप से बाहर रह गई थी। ऐसे में 2027 से पहले एक बार फिर उसके सामने वही चुनौती खड़ी हो गई है।

 

Social Share

Advertisement