• Chhattisgarh
  • मानसून में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए डाइट में शामिल करें करौंदे की चटपटी चटनी, स्वाद के साथ मिलेगा सेहत का डबल फायदा

मानसून में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए डाइट में शामिल करें करौंदे की चटपटी चटनी, स्वाद के साथ मिलेगा सेहत का डबल फायदा

11 hours ago
25

Lifestyle Desk: बारिश का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं और हरियाली तो लेकर आता है, लेकिन इसी मौसम में वायरल और बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) कमजोर होने पर सर्दी-जुकाम, बुखार और पाचन संबंधी समस्याएं जल्दी घेर सकती हैं। ऐसे में खानपान का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि मानसून में ऐसे मौसमी फल और सब्जियां खानी चाहिए, जो शरीर को जरूरी पोषक तत्व प्रदान करें।

इन्हीं पौष्टिक फलों में से एक है करौंदा, जो स्वाद में हल्का खट्टा और चटपटा होता है। करौंदा विटामिन-सी, आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह न सिर्फ इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है, बल्कि पाचन को बेहतर रखने और शरीर को संक्रमण से बचाने में भी सहायक हो सकता है। अगर आप इस मानसून स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल चाहते हैं, तो करौंदे की चटपटी चटनी अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। आइए जानते हैं करौंदे की चटनी बनाने कि रेसिपी ।

सामग्री

  • ताजे करौंदे-250 ग्राम
  • हरी मिर्च-8-10 (स्वादानुसार)
  • लहसुन की कलियां-8-10
  • अदरक-1 छोटा टुकड़ा
  • हरा धनिया-½ कप
  • पुदीने की पत्तियां-8-10
  • भुना जीरा पाउडर-1 छोटा चम्मच
  • काला नमक-½ छोटा चम्मच
  • साधारण नमक-स्वादानुसार
  • नींबू का रस-1 छोटा चम्मच

विधि

सबसे पहले करौंदों को अच्छी तरह धोकर बीच से काट लें और उनके बीज निकाल दें। अब मिक्सर जार में कटे हुए करौंदे, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, हरा धनिया और पुदीना डालें। इसमें भुना जीरा, काला नमक और स्वादानुसार साधारण नमक मिलाएं।

अब सभी सामग्री को बिना ज्यादा पानी डाले पीस लें। यदि जरूरत महसूस हो तो एक या दो चम्मच पानी डाल सकते हैं।

जब चटनी मुलायम हो जाए, तो इसमें थोड़ा-सा नींबू का रस मिलाकर एक बार फिर हल्का-सा ब्लेंड कर लें। आपकी ताजी और स्वादिष्ट करौंदे की चटनी तैयार है।

करौंदे की चटनी को पराठे, दाल-चावल, पूरी, पकौड़े, समोसे, चीला, ढोकला या सैंडविच के साथ परोसा जा सकता है। इसका खट्टा-तीखा स्वाद साधारण खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ा देता है।

क्यों फायदेमंद है करौंदा?

करौंदा विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। वहीं फाइबर की अच्छी मात्रा पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में सहायक होती है। इसके अलावा यह मौसमी संक्रमण के दौरान संतुलित आहार का हिस्सा बन सकता है।

Social Share

Advertisement