- Home
- Chhattisgarh
- थाने के बाहर कांग्रेस का धरना : कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR का विरोध, भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग पर अड़े PCC चीफ बैज
थाने के बाहर कांग्रेस का धरना : कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR का विरोध, भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग पर अड़े PCC चीफ बैज

रायपुर. प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने के बाद छत्तीसगढ़ का सियासी माहौल गरमाया हुआ है. रायपुर के खम्हारडीह पुलिस स्टेशन के बाहर बीती रात से पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत कांग्रेस कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर रद्द करने की मांग की जा रही है. वहीं भाजपा नेताओं पर भी केस दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेसी अड़े हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, भाजपा ने पीएम आवास के बाहर राहुल गांधी के धरना देने को लेकर कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया था. प्रदर्शन के दौरान उग्रता दिखाने के आरोप में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. इसके विरोध में अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने थाने पहुंचकर विरोध जताते हुए उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की. इसके बाद थाने के बाहर ही टेंट बनाकर कांग्रेस अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गई है.
FIR वापस नहीं होने तक डटे रहेंगे… : दीपक बैज

धरने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार पुलिस प्रशासन पर दबाओं बना रही है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ जबरन कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस का धरना जारी रहेगा.
भाजपा नेताओं पर भी FIR की मांग
दीपक बैज ने भाजपा के प्रदर्शन को कांग्रेस मुख्यालय पर हमला करार दिया. वहीं पुलिस की कार्रवाई को एकपक्षिय बताते हुए मामले में जांच की बात कही. साथ ही भाजपा नेताओं के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की.