• Chhattisgarh
  • FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेसी ने ध्वस्त किया विश्व रिकॉर्ड, बने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेसी ने ध्वस्त किया विश्व रिकॉर्ड, बने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

8 hours ago
35

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार लियोनल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दो गोल दागकर अर्जेंटीना के कप्तान ने विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। डलास में खेले गए ग्रुप-जे के मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर अंतिम-32 चरण में जगह बना ली।

बता दें कि इस मैच में मेसी ने जैसे ही अपना पहला गोल किया, उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोस के 16 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह विश्व कप में मेसी का 17वां गोल था। मुकाबले में दूसरा गोल करने के साथ उन्होंने अपना आंकड़ा 18 गोल तक पहुंचा दिया और रिकॉर्ड को और मजबूत कर दिया।

क्लोस को पीछे छोड़ इतिहास रचा

38 वर्षीय मेसी ने इस उपलब्धि के साथ विश्व कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर का तमगा हासिल कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में 16 विश्व कप गोल किए थे। मेसी ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

इतना ही नहीं, ऑस्ट्रिया के खिलाफ किया गया गोल मेसी का लगातार छठे विश्व कप मैच में गोल था। इसके साथ वह फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जायरजिन्हो की बराबरी पर पहुंच गए हैं। अगर वह अगले मुकाबले में भी गोल करने में सफल रहते हैं तो यह रिकॉर्ड भी अकेले उनके नाम दर्ज हो जाएगा।

पेनल्टी चूके, फिर भी बने मैच के हीरो

मैच की शुरुआत में ही अर्जेंटीना को बढ़त बनाने का मौका मिला था। नौवें मिनट में लुटारो मार्टिनेज के साथ फाउल होने के बाद टीम को पेनल्टी मिली, लेकिन मेसी इस मौके को गोल में नहीं बदल सके। पेनल्टी मिस करने के बाद वह कुछ समय के लिए निराश नजर आए, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दो गोल दागे और टीम को जीत दिलाई।

एक हफ्ते पहले रोनाल्डो का रिकॉर्ड भी तोड़ा

मौजूदा विश्व कप में मेसी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में उन्होंने हैट्रिक लगाकर नया इतिहास रचा था। 38 वर्ष की उम्र में विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले वह सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। इससे पहले यह रिकॉर्ड ब्राजील के रोनाल्डो के नाम था, जिन्होंने 33 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

इसके अलावा अर्जेंटीना की ओर से यह मेसी की 11वीं अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक थी। इसी के साथ उन्होंने रोनाल्डो की 10 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा हैट्रिक लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

एम्बाप्पे भी दे रहे कड़ी टक्कर

विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने की दौड़ में फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे भी मेसी के पीछे-पीछे चल रहे हैं। फिलाडेल्फिया में इराक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एम्बाप्पे ने दो गोल दागे और अपनी टीम को 3-0 की जीत दिलाई।

यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 100वां मैच था, जिसे उन्होंने यादगार बना दिया। एम्बाप्पे अब विश्व कप में 16 गोल के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और मेसी के रिकॉर्ड को चुनौती दे रहे हैं।

विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

  1. लियोनल मेसी (अर्जेंटीना) – 18 गोल
  2. किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 16 गोल
  3. मिरोस्लाव क्लोस (जर्मनी) – 16 गोल
  4. रोनाल्डो (ब्राजील) – 15 गोल
  5. गर्ड मूलर (पश्चिम जर्मनी) – 14 गोल

विश्व कप के मौजूदा संस्करण में मेसी जिस फॉर्म में नजर आ रहे हैं, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि उनके नाम अभी और कई रिकॉर्ड जुड़ सकते हैं। वहीं एम्बाप्पे भी लगातार गोल कर इस ऐतिहासिक दौड़ को और रोमांचक बना रहे हैं।

Social Share

Advertisement