ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, विराट कोहली हुए बाहर

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, विराट कोहली हुए बाहर

1 day ago
33

IND vs AFG ODI Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली बहुप्रतीक्षित क्रिकेट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। कोहली की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का आगाज 6 जून से टेस्ट मैच के साथ होगा। इसके बाद 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पहले ही वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर चुका है, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले विराट कोहली के बाहर होने की खबर ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

IPL के बाद टीम इंडिया में वापसी की तैयारी कर रहे थे कोहली

विराट कोहली लंबे समय बाद भारतीय टीम की जर्सी में मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे थे। हाल ही में संपन्न IPL 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में कोहली ने महत्वपूर्ण पारी खेली थी और विजयी छक्का लगाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

इसी कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन चोट ने उनकी वापसी की राह रोक दी है।

BCCI सूत्र ने की पुष्टि

पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं और इसी वजह से उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा है। हालांकि अभी तक उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने का ऐलान नहीं किया गया है।

कोहली अब केवल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उनकी मौजूदगी किसी भी सीरीज की सबसे बड़ी आकर्षण होती है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी से भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज की चमक कुछ फीकी पड़ सकती है।

IPL के बाद प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे कोहली

आईपीएल 2026 के समापन के बाद विराट कोहली अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे थे। अहमदाबाद से सीधे आगरा पहुंचने के बाद दोनों ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन किए थे।

सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुई थीं। इस दौरान कोहली और अनुष्का ने मास्क पहन रखा था, ताकि ज्यादा लोग उन्हें पहचान न सकें। माना जा रहा था कि अफगानिस्तान सीरीज से पहले कोहली आध्यात्मिक आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंचे थे, लेकिन अब चोट के कारण उनके सीरीज से बाहर होने की खबर ने फैंस को निराश कर दिया है।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।

अब सभी की नजरें बीसीसीआई के अगले फैसले पर टिकी हैं कि विराट कोहली की जगह टीम में किस खिलाड़ी को मौका दिया जाता है। वहीं फैंस को उम्मीद है कि कोहली जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे।

Social Share

Advertisement