ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • Balrampur Accident: ट्रक-ट्रेलर की जोरदार टक्कर, आग का गोला बने वाहन; चालक की जिंदा जलकर मौत

Balrampur Accident: ट्रक-ट्रेलर की जोरदार टक्कर, आग का गोला बने वाहन; चालक की जिंदा जलकर मौत

9 hours ago
28

 बलरामपुर जिले के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग पर शुक्रवार सुबह ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर के बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई।

बलरामपुर: जिले के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर मौत (Balrampur Accident) हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम महुली के पास सुबह करीब नौ बजे हुआ।

ट्रक और ट्रेलर में आमने-सामने टक्कर

जानकारी के अनुसार एक ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता (44) चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर में क्लिंकर लोड था और वह कोरबा के दीपिका क्षेत्र से आ रहा था।

टक्कर के बाद ट्रेलर में भड़की भीषण आग

टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर चालक अरबाज (28) केबिन के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की चपेट में आ गया और चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बचाई ट्रक चालक की जान

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का शीशा तोड़कर चालक संतोष गुप्ता को बाहर निकाला। वह भी ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Social Share

Advertisement