ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • दुर्ग जिले में 5.62 एकड़ में अफीम की खेती, मचा हड़कंप तो रातभर निगरानी करती रही पुलिस, पूर्व सीएम बघेल भी देखने पहुंचे, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

दुर्ग जिले में 5.62 एकड़ में अफीम की खेती, मचा हड़कंप तो रातभर निगरानी करती रही पुलिस, पूर्व सीएम बघेल भी देखने पहुंचे, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

20 hours ago
30

समोदा गांव स्थित एक खेत में अफीम की खेती करने का मामला शुक्रवार को सामने आने के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर डटी रही।

र्ग। समोदा गांव स्थित एक खेत में अफीम की खेती करने का मामला शुक्रवार को सामने आने के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर डटी रही। करीब 5.62 एकड़ क्षेत्र में अवैध खेती की जा रही है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात खेतों में लगे अफीम की निगरानी करते रहे।

शुक्रवार रात कलेक्टर भी गांव पहुंचे थे, वहीं शनिवार सुबह से आइजी, एडीएम, तहसीलदार और एफएसएल की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई।

समोदा और झेंझरी गांव के बीच आता है खेत

ग्राम समोदा के मुख्य मार्ग से करीब सात किलोमीटर अंदर यह खेत स्थित है, जो समोदा और झेंझरी गांव के बीच आता है। मामला उजागर होने के बाद समोदा सहित आसपास के ग्रामीण घटनास्थल देखने पहुंचने लगे, लेकिन पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण भीड़ मुख्य मार्ग से आगे नहीं बढ़ पाई।

आइजी की गाड़ी भी भीड़ में फंस गई

इस दौरान कुछ देर के लिए आइजी की गाड़ी भी भीड़ में फंस गई थी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरी सतर्कता बरत रहे थे। पुलिस के अधिकारी और जवान रातभर खेत में तैनात रहे और संदेहियों को भी अपनी निगरानी में रखा।

शनिवार को आइजी अभिषेक शांडिल्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मौके पर दुर्ग एसडीएम हरवंश मिरी, तहसीलदार प्रफुल्ल पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, पटवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा, सीएसपी हर्षित मेहर और एनसीबी, एफएसएल व आबकारी विभाग की टीमें जांच के लिए डटी रहीं। इस दौरान समय-समय पर आरोपियों को शिनाख्त और जांच के लिए खेतों के भीतर ले जाया जा रहा था।

पुलिस से भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल घटना के संबंध में जानकारी लेने ग्राम समोदा पहुंचे। वे अधिकारियों के साथ खेतों का निरीक्षण करने चले गए। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित कुछ और नेता मौजूद रहे। वहीं अन्य कांग्रेसियों को पुलिस ने खेतों के भीतर जाने से रोक दिया। इसे लेकर कांग्रेसी मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों से भीड़ गए।

भाजपा नेता को बचाने का आरोप

कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा नेता को बचाने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विवाद बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने मामले को शांत कराया। वहीं खेतों का निरीक्षण कर लौटे पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, सांसद, विधायक व भाजपा के बड़े नेताओं के साथ उठते बैठते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 150 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही है।

अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत आठ करोड़

देर शाम कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि लगभग पांच एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधे जब्त कर लिए गए हैं। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि भूमि अभिलेखों की जांच में ग्राम झेंझरी स्थित खसरा नंबर 309 रकबा 80 डिसमिल तथा खसरा नंबर 310 रकबा नौ एकड़ 92 डिसमिल, कुल खसरा नंबर दो रकबा 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि दर्ज पाई गई।

नशे से जुड़े मामलों में हो रही वृद्धि

दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि प्रशासन के नाक के नीचे इतने बड़े स्तर पर अफीम की खेती होना बेहद चिंताजनक है। आखिर इतने महीनों तक यह खेती कैसे चलती रही और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी, यह सवाल सीधे तौर पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठता है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में नशे से जुड़े मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।

Social Share

Advertisement