- Home
- Chhattisgarh
- सूर्य का राशि परिवर्तन आज:सूर्य वृश्चिक राशि में करेगा प्रवेश, जानिए आपके लिए कैसा रहेगा 16 दिसंबर तक का समय
सूर्य का राशि परिवर्तन आज:सूर्य वृश्चिक राशि में करेगा प्रवेश, जानिए आपके लिए कैसा रहेगा 16 दिसंबर तक का समय

आज (16 नवंबर) सूर्य तुला से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। इसके बाद सूर्य 16 दिसंबर तक इसी राशि में रहेगा। सूर्य के वृश्चिक राशि में आने से कई लोगों को लाभ मिलने के योग बनेंगे। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा से जानिए आपकी राशि के लिए सूर्य की स्थिति कैसी रहेगी, ये राशिफल चंद्र राशि के आधार पर बताया जा रहा है…
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए सूर्य आठवें भाव में रहेंगे। ये समय व्यक्तिगत बदलाव के लिए सही है। धन लाभ हो सकता है। इस दौरान पैतृक संपत्ति, संयुक्त निवेश पर ज्यादा ध्यान देना होगा। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और बोलचाल में संयम रखें। रिश्तों में अतिरिक्त सावधानी रखेंगे तो बेहतर रहेगा। छोटी सी लापरवाही नुकसान कर सकती है, इसलिए धैर्य से काम लें।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लिए सूर्य सातवें भाव में रहेगा। ये स्थिति आपके निजी और पेशेवर रिश्तों पर असर डालेगी। साझेदारी वाले कार्यों में तेजी और संतुलन देखने को मिल सकता है। वैवाहिक जीवन में आपसी समझ से संबंध और मजबूत हो सकते हैं। सूर्य की वजह से आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप अपनी बात रख पाएंगे। साझेदारी में पारदर्शिता बनाए रखें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए सूर्य छठे भाव में रहेगा। ये स्थिति आपके स्वास्थ्य, प्रतिस्पर्द्धा और नौकरी से जुड़े प्रयासों पर फोकस बढ़ाएगी। आप अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए संकल्पित रहेंगे और अनुशासित प्रयास से सफलता मिलेगी। शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी और कर्ज से मुक्ति मिल सकती है। काम के बोझ के कारण थकान या मानसिक दबाव बढ़ सकता है, इसलिए खुद को ज्यादा न थकाएं और अहंकार से बचें।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए सूर्य पांचवें भाव में रहेगा। ये समय आपकी रचनात्मकता, प्रेम संबंध और संतान से जुड़े मामलों पर प्रभाव डालेगा। आपकी बौद्धिक क्षमता बढ़ेगी। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह समय अनुकूल है। प्रेम संबंध में तालमेल रहेगा और निवेश से लाभ के संकेत हैं। करियर के सिलसिले में की गई यात्राएं फलदायी हो सकती हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
सिंह राशि
सिंह राशि के लिए सूर्य चौथे भाव में रहेगा। ये स्थिति घरेलू जीवन, सुख-सुविधाओं और माता के स्वास्थ्य पर असर डालेगी। इस समय आप घर-वाहन खरीदने की योजना बनाएंगे। पारिवारिक बिजनेस में अच्छा मुनाफा हासिल कर सकते हैं। करियर के लिहाज से ये समय शानदार रहेगा, नौकरी में पदोन्नति के योग बन रहे हैं।
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए सूर्य तीसरे भाव में रहेगा। ये समय आपके साहस, पराक्रम और छोटे भाई-बहनों के साथ संबंधों के लिए सकारात्मक रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी कार्यशैली से वरिष्ठ प्रसन्न रहेंगे और आपको अपने लक्ष्यों की ओर तेजी से बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। छोटी दूरी की यात्राएं हो सकती हैं जो लाभकारी सिद्ध होंगी।
तुला राशि
तुला राशि के लिए सूर्य दूसरे भाव में रहेगा। ये समय मुख्य रूप से आपकी आर्थिक स्थिति, वाणी और परिवार पर असर डालेगा। आय के नए स्रोत बनेंगे और धन संचय करने में आप सफल हो सकते हैं। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना आवश्यक है, क्योंकि कठोर शब्द पारिवारिक या वित्तीय तनाव पैदा कर सकते हैं।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लिए सूर्य लग्न (प्रथम) भाव में रहेगा। ये समय आपके लिए महत्वपूर्ण है, जो आत्मविश्वास, ऊर्जा और कार्य क्षमता में वृद्धि करेगा। आप ऊर्जावान महसूस करेंगे और अपनी कार्यशैली से वरिष्ठजनों को प्रभावित करेंगे, जिससे पदोन्नति या करियर में बड़े लाभ के संकेत हैं।
धनु राशि
धनु राशि के लिए सूर्य द्वादश भाव में रहेगा। ये समय विदेशी संबंधों, खर्चों और आध्यात्मिकता पर असर डालेगा। विदेश यात्रा या दूर स्थानों से जुड़े कार्यों में सफलता मिल सकती है। इस समय खर्चों में वृद्धि हो सकती है, इसलिए वित्तीय प्रबंधन पर ध्यान दें। सूर्य आपको आध्यात्मिक रूप से मजबूत करेगा।
मकर राशि
मकर राशि के लिए सूर्य एकादश भाव में रहेगा। ये समय आपकी आय, बड़े भाई-बहनों और सामाजिक दायरे को प्रभावित करेगा। आपकी आय में वृद्धि होगी और आप एक से अधिक साधनों से धन कमा सकते हैं। अचानक या गुप्त स्रोतों से भी लाभ के योग बन रहे हैं। सामाजिक मान-सम्मान बढ़ेगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लिए सूर्य दशम भाव में रहेगा। ये आपके करियर और सार्वजनिक जीवन के लिए अच्छा समय है। कार्यक्षेत्र में वृद्धि के अवसर आएंगे और आप दीर्घकालीन योजनाएं बनाकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा और आपको अपने पिता या बॉस का सहयोग मिलेगा।
मीन राशि
मीन राशि के लिए सूर्य नवम भाव में रहेगा। ये अवधि आपके भाग्य, धर्म और उच्च शिक्षा पर असर डालेगी। आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा और धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी। आप देश या विदेश की यात्रा कर सकते हैं। नए अवसर मिलेंगे और आप सही निर्णय लेने में समर्थ रहेंगे।