ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • अब बिलासपुर से दिल्ली सीधी उड़ान : अलायंस एयर शुरू करेगा फ्लाइट, ट्रायल के बाद विंटर सीजन में नियमित रूप से मिल सकती है सुविधा

अब बिलासपुर से दिल्ली सीधी उड़ान : अलायंस एयर शुरू करेगा फ्लाइट, ट्रायल के बाद विंटर सीजन में नियमित रूप से मिल सकती है सुविधा

2 years ago
91

छत्तीसगढ़ : अब बिलासपुर से दिल्ली सीधी उड़ान, अलायंस एयर शुरू करेगा फ्लाइट ...

बिलासपुर, 06 अक्टूबर 2023/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमानन मंत्री को लेटर लिखने के बाद बिलासपुर के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। अलायंस एयर कंपनी ने बिलासपुर से सीधे दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए 5 से 8 अक्टूबर तक ट्रायल शेड्यूल किया गया है।

ट्रायल के बाद यात्रियों का बेहतर रिस्पॉन्स मिलने पर इसे विंटर सीजन में शेड्यूल किया जाएगा। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर से महानगरों के लिए हवाई सुविधा शुरू करने और एयरपोर्ट को उड़ान-5 योजना में शामिल करने को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा था।

बिलासपुर से भोपाल और इंदौर फ्लाइट दोबारा शुरू करने की मांग

पत्र में अलायंस एयर का समय समाप्त होने के बाद उसकी सेवावृद्धि ​आगामी 3 साल के लिए बढ़ाने और नए सिरे से अनुबंध करने का आग्रह किया है, ताकि आगे भी विमान सेवा निर्बाध रूप से चलती रहे। इसके अलावा बंद हुई बिलासपुर से भोपाल और इंदौर फ्लाइट को शुरू करने की मांग की है।

वर्तमान में दिल्ली के लिए बिलासपुर से सीधी फ्लाइट नहीं है। अभी प्रयागराज और जबलपुर से होकर दिल्ली के लिए हवाई सुविधा है। जिसमें करीब साढ़े 3 घंटे का वक्त लगता है। बिलासपुर से सीधी दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होने पर यात्री महज 2 घंटे 5 मिनट में ही अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे, जिससे उनके समय की बचत होगी।

अलायंस एयर कंपनी ने जानकारी के बिना ही शुरू कर दी फ्लाइट

बताया जा रहा है कि दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने से पहले अलायंस एयर कंपनी ने एयरपोर्ट प्रबंधन को भी जानकारी नहीं दी है। वहीं, शहर के लोगों को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में एक हफ्ते के ट्रायल में यात्रियों का बेहतर रिस्पॉन्स कैसे मिल सकता है। लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद ही यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

महानगरों तक उड़ान के लिए चल रहा है प्रदर्शन

बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद जैसे महानगरों के लिए सीधी विमान सेवा की मांग बहुत लंबे समय से की जा रही है। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से अब तक बिलासपुर से जबलपुर-प्रयागराज होते हुए सिर्फ एक फ्लाइट चल रही है। हवाई सुविधा शुरू होने के बाद से ही छात्र नागरिक संघर्ष समिति महानगरों तक उड़ान के लिए लगातार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन कर रहा है।

हाईकोर्ट में भी लंबित है याचिका

बिलासपुर एयरपोर्ट से हवाई सुविधाओं में विस्तार को लेकर हाईकोर्ट में भी जनहित याचिका लंबित है, जिस पर लगातार सुनवाई हो रही है। हाईकोर्ट के आदेश पर एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है। इसमें नाइट लैंडिंग की सुविधा, रनवे का विस्तार, टर्मिनल बिल्डिंग बनाने जैसे काम होने हैं। इधर, अलायंस एयर कंपनी ने इंदौर और भोपाल के लिए फ्लाइट शुरू की थी, जिसे यात्रियों की कम संख्या का हवाला देते हुए बंद कर दिया गया। इसे लेकर भी याचिका पर सुनवाई चल रही है।

Social Share

Advertisement