ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • CG में भाजपा का बड़ा एक्शन प्लान : इस चुनाव सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की मदद लेगी, PM मोदी करेंगे बूथ कार्यकर्ताओं से बात

CG में भाजपा का बड़ा एक्शन प्लान : इस चुनाव सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की मदद लेगी, PM मोदी करेंगे बूथ कार्यकर्ताओं से बात

3 years ago
81

चुनावी साल में 6 घंटे संघ ने की अहम बैठक;इलेक्शन की कमान किसे, तय नहीं | RSS coordination meeting in Raipur BJP core group meeting Om Mathur BL Santosh BJP Chhattisgarh -

रायपुर, 16 मई 2023/  भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश को नया एक्शन प्लान सौंपा है। पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इस एक्शन प्लान का बड़ा असर देखने को मिल सकता है। अब नई रणनीति के साथ भारतीय जनता पार्टी वोटर्स के बीच जाने वाली है। बड़े नेताओं को भी कई तरह के टारगेट और टास्क दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपना एक्शन प्लान न सिर्फ विधानसभा चुनाव, बल्कि लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी तैयार किया है।

छत्तीसगढ़ में इस एक्शन प्लान को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को दी गई है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की रायपुर में महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रदेश कार्यालय में हुई इस बैठक में कार्यसमिति के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे, ओम माथुर ने बैठक लेकर सभी को नई कार्ययोजना से अवगत कराया और अब इसी एक्शन प्लान के तहत भारतीय जनता पार्टी काम करेगी। मई का यह पूरा महीना और आने वाला जून बेहद अहम होने वाला है। इन महीनों में भारतीय जनता पार्टी नए सिरे से वोटर्स के बीच कई तरह के कार्यक्रम करने जा रही है।

केंद्रीय मंत्री आएंगे छत्तीसगढ़
केंद्र सरकार की उपलब्धियों और मौजूदा कांग्रेस सरकार को घेरते हुए अलग-अलग प्रदेशों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की तैयारी है। राज्य स्तरीय यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सभी राज्यों के राजधानी में होगी। इसके लिए रायपुर को चयनित किया गया है। आने वाले कुछ ही दिनों में लगातार देश के केंद्रीय मंत्रियों का दौरा रायपुर में होगा और वह पत्रकारों से चर्चा करेंगे। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री यह प्रेस वार्ता लेंगे।

सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर पर ध्यान
अब तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल चुनावों में भारतीय जनता पार्टी बखूबी करती रही है। मगर अब आने वाले दिनों में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर यानी कि यूट्यूब चैनल बनाने वाले, इंस्टाग्राम के इनफ्लुएंसर, फेसबुक पेज बनाने वाले सोशल मीडिया के सेलिब्रिटीज को भारतीय जनता पार्टी साधने का काम करेगी। केंद्रीय मंत्री बाकायदा इन सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से मुलाकात करेंगे। रायपुर में भी छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स की एक मीटिंग हो सकती है। इस मीटिंग में भाजपा केंद्र की योजनाओं पर प्रेजेंटेशन देगी, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ डिनर होगा।

प्रधानमंत्री करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देश भर के कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के नेताओं से संवाद करेंगे। 10 लोगों से संवाद का टारगेट रखा गया। PM छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान आम लोगों से भी चर्चा करेंगे। यह चर्चा भारतीय जनता पार्टी के कामकाज जनसेवा के अभियानों पर केंद्रित होगी। साथ ही प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ समेत देशभर के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए बूस्ट करेंगे।

इन अभियानों से घर-घर पहुंचेगी भाजपा
साल 2023 के विधानसभा और आने वाले लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने नया एक्शन प्लान तैयार किया है । इसके मद्देनजर घर घर पहुंचना नेताओं का टारगेट होगा, इनमें से कुछ प्रमुख ऐसे अभियान है जिनकी रूपरेखा तय कर ली गई है और जल्द ही छत्तीसगढ़ में इन्हें शुरू किया जा रहा है।

संपर्क से समर्थन– इस अभियान के तहत देश के 1 लाख से अधिक विशिष्ट परिवारों में संपर्क किया जाएगा। हर लोकसभा में ढाई सौ परिवारों में संपर्क करने का टारगेट नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। इनमें विशिष्ट परिवारों से मुलाकात की जाएगी जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद और उनके परिजनों और प्रदेश या शहर के प्रसिद्ध परिवारों से भाजपा नेता मुलाकात करेंगे।

लोकसभा स्तरीय जनसभा– इस दौरान देश के केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन के बड़े नेता, विधायक, सांसद लोकसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे और स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय उपलब्धियों को गिनाएंगे।

कांग्रेसी आपातकाल का प्रचार– कांग्रेस की सरकार ने इमरजेंसी लगाई थी। इस दौरान किस तरह से लोकतंत्र को खत्म किया गया। इस पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। विधानसभा इलाकों में भी इसका प्रचार प्रसार किया जाएगा।

व्यापारी सम्मेलन– प्रदेश के व्यापारियों से भी भारतीय जनता पार्टी के नेता मुलाकात करेंगे। उन्हें कामकाज के दौरान आने वाली तकलीफों के बारे में चर्चा करेंगे। कोशिश होगी कि व्यापारियों काे भरोसे में लिया जाए, ताकि आने वाले समय में सरकार बनने में व्यापारियों का सहयोग मिले।

विकास तीर्थ– केंद्र सरकार की योजना की वजह से राज्य में हो रहे विकास कार्यों से जुड़े स्थलों पर भाजपा के सांसद विधायक पहुंचेंगे। कामों का मुआयना करेंगे और वहां से मिलने वाली सुविधा की जानकारी देंगे।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ डिनर-अक्सर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की नजरअंदाजगी के आरोप संगठन के नेताओं पर लगते हैं, इससे निपटने के लिए भी एक्शन प्लान तैयार किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेता उनके घर जाकर डिनर करेंगे उनसे चर्चा करेंगे और उन्हें साधने का प्रयास होगा।

योगा दिवस– 21 जून को भाजपा के सांसद विधायक आम लोगों के साथ योग करेंगे। कुछ जगहों पर विशेष योग शिविर लगाए जाएंगे और इन शिविरों में मौजूदा केंद्र सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगेगी।

घर-घर संपर्क– यह कार्यक्रम बूथ स्तरीय होगा। इस दौरान करीब 1 सप्ताह से 15 दिनों का विशेष अभियान चलेगा। प्रदेश के बड़े नेता घर-घर जाकर, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को बताएंगे, बकायदा पंपलेट कैलेंडर पोस्टर बांटे जाएंगे।

 

Social Share

Advertisement