ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को भाजपा ने बनाया चुनावी हथियार, विरोध में उतरी कांग्रेस ने कहा नफरत फैलाना चाहती है

फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को भाजपा ने बनाया चुनावी हथियार, विरोध में उतरी कांग्रेस ने कहा नफरत फैलाना चाहती है

3 years ago
77

आरएसएस की सोच पर आधारित झूठ और कपट से भरी है फिल्म केरल स्टोरी

रायपुर, 10 मई 2023/ फिल्म द केरल स्टोरी का असर प्रदेश की राजनीति में देखने को मिल रहा है। भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों ने करीब एक लाख लोगों को फिल्म दिखाने का लक्ष्य रखा है। अब तक प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं ने न सिर्फ फिल्म देखी, बल्कि अपनी-अपनी विधानसभा के प्रमुख लोगों को भी फिल्म दिखाई। चुनावी साल में भाजपा ने वोटरों तक पहुंचने के लिए द केरल स्टोरी को हथियार बनाया है, तो कांग्रेस ने विरोध करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता फिल्म को भाजपा के दंगाई एजेंडे के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और अन्य नेताओं ने फिल्म का खुलकर विरोध किया है। भाजपा इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग भी कर रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने इस फिल्म को राजधानी के एक सिनेमाघर में देखा। फिल्म देखने के बाद नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कि इस फिल्म को सभी स्कूली बच्चों को मुफ्त में दिखाना चाहिए। द केरल स्टोरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री किया है। इसे देखते हुए राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की थी। हालांकि मुख्यमंत्री ने सरोज की मांग को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इससे पहले भाजपा नेताओं ने कश्मीर फाइल्स देखने की मांग की। उस समय विधानसभा चल रही थी, तो सभी विधायकों को साथ चलने का न्यौता दिया गया, लेकिन भाजपा विधायक फिल्म देखने से भाग गए। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि फिल्म के नाम पर भाजपा देश में नफरत फैलाना चाहती है।

राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो प्रदेश की 90 विधानसभा सीट में से शहरी वोटरों के प्रभाव वाली सीट पर इस फिल्म का व्यापक असर होगा। यही कारण है कि बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और दुर्गा वाहिनी जैसे संगठन लोगों को फिल्म दिखाने के लिए आगे आ रहे हैं।

 

Social Share

Advertisement