ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की 3 महत्वपूर्ण घोषणाएं

छत्तीसगढ़ गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की 3 महत्वपूर्ण घोषणाएं

3 years ago
205

सीएम ने करोड़ों के विकासकार्यों की घोषणा की।

रायपुर, 17 दिसंबर 2022/  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 3 महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने ’मुख्यमंत्री वृक्ष सम्पदा’ की घोषणा करते हुए इस योजना के लिए 100 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की। वहीं सभी शालाओं, छात्रावासों, आश्रमों, शासकीय भवनों के रखरखाव और उन्नयन के लिए एक हजार करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

सीएम ने तकनीकी शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं के उन्नयन के लिए ’स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट आईटीआई योजना’ की घोषणा करते हुए इस योजना के लिए 1200 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ गौरव दिवस पर 33.96 करोड़ रुपए के 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। इनमें 30 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत के 12 कार्यों का भूमिपूजन और 3.83 करोड़ रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

नवा रायपुर में 4.86 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा स्मारक एवं संग्रहालय का भूमिपूजन भी किया गया। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कई कन्या एवं बालक छात्रावास और आश्रमों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें नवा रायपुर में 4 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से बनने वाले संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा स्मारक एवं संग्रहालय, दुर्ग जिले के ग्राम परसदा में 9.39 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अनुसूचित जाति (प्रयास) वर्ग के विद्यार्थियों के लिए स्कूल सह कोचिंग केन्द्र भवन, बेमेतरा जिले के साजा में 1.52 करोड़ रुपए की लागत से 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, मुंगेली जिले के बरमपुर में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए शामिल है।

इसके अलावा मझगांव में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए, लोरमी में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए, लोरमी में ही 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या आश्रम, लागत 1.62 करोड़ रुपए, फास्टरपुर में 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, लागत 1.91 करोड़ रुपए, लोरमी में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए, रायपुर के मंदिर हसौद में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए, रायपुर जिले के भिलाई में 50 सीटर प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, लागत 1.52 करोड़ रुपए और कबीरधाम जिले के ग्राम डबराभांठ में 1.62 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 50 सीटर अनुसूचित जाति कन्या आश्रम का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा के साजा में 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास (लागत 1.91 करोड़ रुपए) और राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव में 1.91 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास का लोकार्पण भी किया।

 

Social Share

Advertisement