- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर होगी अरहर, उड़द और मूंग की खरीदी, कृषि विभाग का निर्देश जारी
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर होगी अरहर, उड़द और मूंग की खरीदी, कृषि विभाग का निर्देश जारी


रायपुर, 21 जुलाई 2022/ राज्य सरकार इस वर्ष अरहर, उड़द और मूंग की खरीदी समर्थन मूल्य पर करेगी। इसका उपार्जन राज्य सहकारी विपणन संघ मार्कफेड के माध्यम से होगा। किसानों से अरहर और उड़द 6600 रुपये और मूंग की खरीदी 7755 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उड़द व मूंग का उपार्जन 17 अक्टूबर से 16 दिसंबर 2022 तक और अरहर का उपार्जन 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 तक की अवधि में किया जाएगा। गोदाम व भंडारण की सुविधायुक्त 25 कृषि उपज मंडियों को अरहर, मूंग और उड़द की खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र के रूप में चिन्हांकित किया गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किया है। यूनिफाईड फार्मर पोर्टल पर कृषक का पंजीयन कर उपलब्ध डाटा नाफेड को दिया जाएगा।
किसानों को दी जाएगी प्रिंटेड रसीद
उपार्जन केंद्रों में कृषकों की सामान्य जानकारी के लिउए एफएक्यू उत्पाद का प्रदर्शन सुनिश्चित करने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि एफएक्यू मानक का अरहर, उड़द व मूंग का समर्थन मूल्य से कम पर उपार्जन केंद्र में विक्रय न हो। एफएक्यू गुणवत्ता की खरीदी की सघन मानिटरिंग की जाएगी। रेंडम सैंपलिंग के लिए नाफेड के साथ राज्य स्तरीय संयुक्त टीम गठित की जाएगी, जो उपार्जन केंद्र के खरीदी कार्य की तैयारी से लेकर संग्रहण तक का निरीक्षण करेंगे। किसान से क्रय की गई मात्रा की प्रिंटेड रसीद जिसमें देय राशि का उल्लेख हो, उपार्जन केंद्र प्रभारी द्वारा हस्ताक्षर कर किसान को दी जाएगी। गौरतलब है कि खरीफ सीजन 2022 में राज्य में एक लाख 40 हजार हेक्टेयर में अरहर, 22 हजार हेक्टेयर में मूंग और एक लाख 75 हजार हेक्टेयर में उड़द की खेती का लक्ष्य है। कृ षि विभाग द्वारा राज्य में 94,500 मेट्रिक टन अरहर, 12,100 मेट्रिक टन मूंग और 70,000 मेट्रिक टन उड़द का उत्पादन अनुमानित है।