- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- रायपुर-बिलासपुर के बाद जगदलपुर में एक जुलाई से खुलेगा छत्तीसगढ़ का तीसरा आडिट प्रशिक्षण स्कूल
रायपुर-बिलासपुर के बाद जगदलपुर में एक जुलाई से खुलेगा छत्तीसगढ़ का तीसरा आडिट प्रशिक्षण स्कूल


रायपुर, 24 जून 2022/ जगदलपुर में राज्य के कर्मचारियों के लिए एक जुलाई से नया आडिट स्कूल (लेखा प्रशिक्षण शाला) खुल जाएगा। वहां बस्तर संभाग के विभिन्न् जिलों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। रायपुर और बिलासपुर के बाद यह प्रदेश का तीसरा आडिट स्कूल होगा। नए स्कूल को लेकर वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
अफसरों ने बताया कि रायपुर और बिलासपुर स्थित लेखा प्रशिक्षण शाला में कर्मचारियों को चार माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बाद उनकी परीक्षा होती है। परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले कर्मचारी को एक पदोन्न्ति मिलती है।
इन स्कूलों में एक बैच के लिए 40 सीटें हैं। पांच साल की सेवा पूरी कर चुका कोई भी कर्मचारी अपने विभागाध्यक्ष के जरिये इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकता है। कोर्स में चयन विभागों के लिए तय सीटों के अनुपात के आधार पर होता है।
अफसरों ने बताया कि रायपुर और बिलासपुर स्थित प्रशिक्षण शाला में आवास की सुविधा नहीं है। ऐसे में प्रशिक्षण के लिए आने वाले कर्मचारियों को इन शहराें में रहने के लिए स्वयं व्यवस्था करनी पड़ती है। इसे देखते हुए जगदलपुर में प्रशिक्षण शाला खुलने से वहां के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।