15 निकायों में आम चुनाव, 15 निकायों के 15 वार्डों में है उपचुनाव, कुल 385 वार्डों के लिए मैदान में हैं 1,393 प्रत्याशी।

रायपुर, 19 दिसंबर 2021/ प्रदेश में नगरीय निकाय का चुनावी शोर शनिवार की आधी रात से थम गया है। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग मतदान की व्यवस्था में जुट गया है। निकायों में सोमवार को सुबह आठ बजे से श्ााम पांच बजे तक मतदान होगा। कुल 385 निकायों में 1,393 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला आठ लाख से अधिक मतदाता करेंगे। मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा 23 दिसंबर को होगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश के 15 निकायों में आम चुनाव और 15 निकायों के 15 वार्डों में उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। आयोग ने 17 वार्डों में उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। बेमेतरा की देवकर नगर पंचायत के वार्ड-सात में एक ही प्रत्याशी के नामांकन की वजह से वहां निर्विरोध चुनाव हो चुका है। वहां तीन लोगों ने नामांकन जमा किया था। दो ने नाम वापस ले लिया था। इसी तरह दंतेवाड़ा के बड़े बचेली नगर परिषद के वार्ड-आठ में किसी ने नामांकन जमा ही नहीं किया। इस वजह से इन दोनों वार्डों के लिए मतदान नहीं होगा।