ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार 17 जिलों में बरसात ने तोड़ा रिकॉर्ड

छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार 17 जिलों में बरसात ने तोड़ा रिकॉर्ड

5 years ago
170

Chhattisgarh Rain News Update; Heavy Rain Recorded At Six Centers, Bhupesh Baghel to Deploy Relief Teams | छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार मानसून के आगमन पर सबसे ज्यादा बारिश, सरकार

 

 

 

 

 

 

 

रायपुर 23 जून 2021/    छत्तीसगढ़ में पिछले चार दिनों से रुठा मानसून फिर सक्रिय हुआ तो कई रिकॉर्ड टूट गए। मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार मानसून के आगमन पर 17 जिलों में अब तक की सर्वाधिक बारिश हुई है। मंगलवार दोपहर बाद शुरू हुई बरसात देर रात में विकराल हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के 6 केंद्रों पर भारी वर्षा दर्ज हुई है। वहीं 17 जिलों में 30 वर्षों की औसत बरसात का रिकार्ड टूट गया। इन जिलों में औसत से 60 प्रतिशत से लेकर 723 प्रतिशत तक अधिक बरसात हुई है।

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बेमेतरा, कोरबा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में भारी बरसात हुई है। कोरिया जिले के खड़गवां स्टेशन पर एक दिन में सर्वाधिक 91.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। वहीं बैकुंठपुर में 77.7 मिमी बरसात है। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में 85.2 और रामानुजनगर में 74.4 मिमी बरसात दर्ज की गई। कोरबा में 75.2 मिमी और बेमेतरा के नवागढ़ में 70 मिमी बरसात का रिकॉर्ड बना है। राजधानी रायपुर की बात करें तो शहर में 31.8 मिमी और माना हवाई अड्‌डे पर 34.8 मिमी बरसात हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 22 जून की सुबह 8.30 बजे से 23 जून की सुबह 8.30 बजे तक प्रदेश के 17 जिलों में 30 वर्षों की औसत बरसात से बहुत अधिक पानी बरसा है। कोरबा जिले में औसत से 723 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। सूरजपुर में 383 प्रतिशत, मुंगेली में 339 प्रतिशत, कबीरधाम में 287 प्रतिशत, कोरिया में 260 प्रतिशत और रायपुर में 133 प्रतिशत अधिक बरसात दर्ज हुई है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, 30 वर्ष की बरसात का यह औसत 1981 से 2010 तक के आंकड़ों के आधार पर तैयार हुआ है।

बस्तर-कोण्डागांव और सरगुजा में सामान्य बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में बस्तर, कोण्डागांव और सरगुजा जिलों में सामान्य बरसात हुई है। बस्तर में औसत से 18 प्रतिशत कम बरसात हुई। वहीं, कोण्डागांव में केवल 13 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। कोण्डागांव के बड़े राजपुर में कल सर्वाधिक 22 मिमी बरसात हुई थी। बस्तर के दरभा में सर्वाधिक 14.5 मिमी बरसात दर्ज की गई थी। सरगुजा में केवल 13 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। यहां सबसे अधिक 42.5 मिमी पानी मैनपाट में गिरा।

तीन जिलों में बेहद कम बरसात
आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के तीन जिलों नारायणपुर, गरियाबंद और महासमुंद में औसत से बेहद कम बरसात हुई है। नारायणपुर की हालत सबसे खराब रही। वहां 90 प्रतिशत कम बरसात हुई। नारायणपुर में कल 1.7 मिमी बरसात दर्ज हुई। ओरछा में तो पानी ही नहीं बरसा। गरियाबंद जिले में औसत से 47 प्रतिशत कम वर्षा हुई। सबसे अधिक 17 मिमी बरसात देवभोग में हुई है। वहीं महासमुंद जिले में 37 प्रतिशत कम बरसात हुई है। वहां सर्वाधिक 15 मिमी पानी बसना में गिरा है।

Social Share

Advertisement