ताजा खबरें
  • breaking
  • गौतम गंभीर को लेकर BCCI उपाध्यक्ष का बड़ा बयान… टीम इंडिया के कोच पद की अटकलों पर ‘सस्पेंस’ किया खत्म!

गौतम गंभीर को लेकर BCCI उपाध्यक्ष का बड़ा बयान… टीम इंडिया के कोच पद की अटकलों पर ‘सस्पेंस’ किया खत्म!

2 months ago
106

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर हाल के दिनों में कई अटकलें तेज हो गई थीं। टेस्ट क्रिकेट में भारत के कमजोर प्रदर्शन के बाद यह चर्चा शुरू हो गई थी कि शायद BCCI कोई बड़ा फैसला ले सकती है।

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir News) को लेकर चल रही अटकलों पर अब BCCI ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। हालिया टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यह माना जा रहा था कि गंभीर की कुर्सी खतरे में है, लेकिन बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इन खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।

गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भारत को घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज में हार झेलनी पड़ी।

गंभीर के कोच रहते हुए भारत पहली बार ऐसा हुआ जब टीम को घर में दो बार टेस्ट सीरीज में व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ा। यह आंकड़ा उनके कार्यकाल को लेकर सवाल खड़े करता है। अब तक गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से केवल 7 में जीत दर्ज की जा सकी है। इसी वजह से उनके कोचिंग रिकॉर्ड की आलोचना भी हो रही है।

हालांकि इन तमाम आलोचनाओं के बीच BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा है कि बोर्ड स्तर पर कोच बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि गौतम गंभीर को टीम के प्रदर्शन में सुधार का पूरा अवसर दिया जाएगा। गौतम गंभीर का बीसीसीआई के साथ अनुबंध नवंबर 2027 तक है, जिससे यह साफ हो जाता है कि फिलहाल उनका पद सुरक्षित है।

मीडिया में कोच गौतम गंभीर को लेकर जो भी अफवाहें चल रही हैं, मैं उन्हें स्पष्ट कर देना चाहता हूं। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी यह साफ कर दिया है कि नए कोच को लाने या गंभीर को हटाने की हमारी कोई योजना नहीं है।

-बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला

अब टीम इंडिया का मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल में जगह बनाना है। इस रेस में बने रहने के लिए भारत को अपने आगामी 9 टेस्ट मैचों में से कम से कम 7 में जीत हासिल करनी होगी। साल 2026 में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का दौरा भारतीय टीम के लिए अगली बड़ी चुनौती साबित होगा।

 

Social Share

Advertisement