- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- रायपुर में 33 डिग्री तक पहुंचा पारा, अक्टूबर में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
रायपुर में 33 डिग्री तक पहुंचा पारा, अक्टूबर में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

रायपुर। अक्टूबर माह में बीते 10 वर्षों में राजधानी की रातें ज्यादा गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 25 अक्टूबर 2019 को 21.6 डिग्री रहा था। इस बार अक्टूबर माह पूरा हो गया है, लेकिन न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इस कारण रात में काफी गर्मी रहती है। वहीं दिन में उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नम हवा आ रही है। इस कारण उमस बढ़ी है। प्रदेश से मानसून 15 अक्टूबर को लौट चुका है। फिर भी प्रदेश में बीते एक सप्ताह से कई जगहों पर बारिश हो रही है। राजधानी के आसमान पर बादल छाए हुए है, लेकिन अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री से ज्यादा रिकार्ड किया जा रहा है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है इस वजह से उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है।
बना हुआ है सिस्टम
दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर स्थित है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। जिसके असर से एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। रायपुर शहर बुधवार को बादल छाए रहने व शाम को हल्की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री और 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों में पारा कम नहीं
जशपुर और अंबिकापुर में पारा गिर रहा है, इसके बाद भी अन्य वर्षों की अपेक्षा यहां भी अक्टूबर सबसे गर्म है। मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर है। यहां पर भी दिन को गर्मी पड़ रही है।
| वर्ष | तारीख | न्यूनतम तापमान |
| 2014 | 30 | 18.5 |
| 2015 | 31 | 18.9 |
| 2016 | 21 | 19.6 |
| 2017 | 31 | 19.8 |
| 2018 | 28 | 18.5 |
| 2019 | 25 | 21.6 |
| 2020 | 31 | 19.8 |
| 2021 | 22 | 19.4 |
| 2022 | 31 | 17.7 |
| 2023 | 28 | 18.4 |