- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- कांग्रेस ने बोधराम कंवर की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई, मुख्यमंत्री ने जताई थी नाराजगी
कांग्रेस ने बोधराम कंवर की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई, मुख्यमंत्री ने जताई थी नाराजगी


रायपुर, 02 जनवरी 2022/ कोरिया जिले के बैकुंठपुर और शिवपुर चरचा नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस सकते में है। इस मामले में पार्टी ने अब एक्शन शुरू किया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई थी।
इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को कहा कि निकायों में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनाव जीते हैं। कुछ लोगों की पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से इस तरह के रिजल्ट आए हैं तो जिम्मेदारी तो तय करनी होगी। उन्होंने कहा, इस पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। प्रभारी पीएल पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को इसका संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, यह कार्रवाई त्वरित होनी चाहिए और कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।
उसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूर्व विधायक बोधराम कंवर की अध्यक्षता में एक समिति बनाई है। इसमें प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू और महामंत्री अर्जुन तिवारी को भी शामिल किया गया है। इस समिति को तत्काल ही बैकुंठपुर और शिवपुर चरचा जाने का निर्देश हुआ है। कहा गया है वे वहां पार्षदों और स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लें। इस समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
पार्षदों को पहले ही निकाल चुकी पार्टी
क्रॉस वोटिंग मामले में कांग्रेस ने जिला स्तर पर तुरंत एक्शन शुरू कर दिया था। कोरिया जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने अहमदुल्ला फिरोज, पार्षद मुशर्रत जहां, आफताब अहमद और रियाज अहमद को निष्कासित करने का आदेश एक जनवरी को ही जारी कर दिया था।
क्या हुआ था बैकुंठपुर चुनाव में
बैकुंठपुर नगर पालिका के चुनाव में कांग्रेस के 11 पार्षद, भाजपा के 7 और दो निर्दलीय पार्षद थे। यहां कांग्रेस की साधना जायसवाल का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। लेकिन, भाजपा की प्रत्याशी नविता ने उन्हें हरा दिया। यहां से तीन बार पार्षद रहे अहमदुल्ला फिरोज के परिवार ने बगावत की और भाजपा प्रत्याशी को वोट कर दिया।
शिवपुर चरचा में उपाध्यक्ष पद पर खेल गए बागी
शिवपुर चरचा नगर पालिका में अध्यक्ष तो कांग्रेस का बना, लेकिन उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार की जीत हो गई। यहां भी क्रॉस वोटिंग हुई। कांग्रेस के अध्यक्ष को 10 और उपाध्यक्ष को 7 वोट मिले। 8 वोट पाकर भाजपा के राकेश सिंह उपाध्यक्ष बन गए। यहां कांग्रेस की लालमुनी यादव ने भाजपा के अरुण कुमार जायसवाल को अध्यक्ष पद पर हरा दिया। कांग्रेस को यहां 10 वोट और बीजेपी को 5 वोट मिले है।