स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- पिछले 20 दिनों से नए मामलों से ज्यादा लोग रिकवर हो रहे, 8 लाख एक्टिव केस कम हुए

नई दिल्ली, 22 मई 2021/ देश में पिछले 20 दिनों से कोरोना के मामलों में कमी आ रही है। एक और अच्छी बात यह है कि नए केस के मुकाबले ज्यादा लोग रिकवर हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। जॉइंट हेल्थ सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने कहा कि इस दौरान देश में करीब 8 लाख एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में अब सिर्फ 7 राज्य हैं जहां 10 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। 5 से 10 हजार मामलों वाले 6 राज्य हैं। 6 राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, यूपी, पंजाब और दिल्ली में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं।
कंटेनमेंट जोन बढ़ाने पर जोर
अग्रवाल ने कहा कि अब भी हमारी कोशिश कंटेनमेंट जोन बनाने पर ज्यादा है। हम लगातार टेस्टिंग बढ़ा रहे हैं। यही वजह है कि संक्रमण का फैलाव रोकने में हम सफल होते दिख रहे हैं। 382 जिले ऐसे है, जहां 10% से ज्यादा पॉजिविटी रेट है। लिहाजा अभी हमें और काम करने की जरूरत है।
वैक्सीन की बर्बादी घटी
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में वैक्सीन की बर्बादी भी घट रही है। अब सिर्फ 4% डोज खराब हो रहे हैं। धीरे-धीरे इसे शून्य पर लाने की कोशिश हो रही है।
फंगस इंफेक्शन रोकने के लिए गाइडलाइन जारी की
लव अग्रवाल ने बताया कि फंगस इंफेक्शन कंट्रोल करने के लिए और इलाज के लिए सरकार ने गाइड लाइन जारी की है।