ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ में आज एक-दो स्थानों पर गिर सकती है बिजली, आंधी के साथ हल्की बरसात भी संभावित

छत्तीसगढ़ में आज एक-दो स्थानों पर गिर सकती है बिजली, आंधी के साथ हल्की बरसात भी संभावित

5 years ago
176

 

 

रायपुर, 21 मार्च 2021/   छत्तीसगढ़ में पिछले पांच दिनों से उमड़-घुमड़ रहे बादल कमजोर हुये हैं, लेकिन गये नहीं है। चक्रवाती हवाओं और द्रोणिका के प्रभाव से यह बादल बरस भी सकते हैं। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर आंधी आने, बिजली गिरने और गरज चमक के साथ हल्की बरसात की संभावना जताई है।

रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, ‘एक चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी तटीय कर्नाटक से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 21 और 22 मार्च को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।’

मौसम विभाग ने येलो (Yellow) स्तर की चेतावनी जारी की है। इसके मुताबिक 21 मार्च को छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर आंधी आने और बिजली गिरने की अति संभावना है। इस अलर्ट में प्रशासन को सतर्क रहकर अपडेट रखने को कहा गया है। मौसम विभाग ने बरसात का जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके मुताबिक 23 मार्च तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात संभावित है। प्रदेश में ऐसा मौसम 16 मार्च से बना हुआ है। इस बीच मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में कई स्थानों पर हल्की बरसात हुई है।

अधिकतर स्थानों पर सूखा मौसम, बढ़ेगा तापमान

मौसम विज्ञानियों का कहना है, बरसात की संभावना वाले एक-दो स्थानों को छोड़कर प्रदेश का अधिकांश हिस्सा सामान्यत: सूखा रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियश की वृद्धि संभावित है। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा।

 

 

Social Share

Advertisement