- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण 3 लाख पार : 10 महीनों से सरकारी फाइलों से गुम थे 6 हजार कोरोना संक्रमित, आरोप लगे तो तलाश हुई, अब आंकड़े दुरुस्त हाेंगेे
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण 3 लाख पार : 10 महीनों से सरकारी फाइलों से गुम थे 6 हजार कोरोना संक्रमित, आरोप लगे तो तलाश हुई, अब आंकड़े दुरुस्त हाेंगेे
स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिहंदेव ने दी जानकारी
कहा- संक्रमण की चपेट में आए एक भी प्रदेशवासी का नाम नहीं छूटेगा

रायपुर, 28 जनवरी 2021/ छत्तीसगढ़ में कोरोना के हजारों मरीज सरकारी फाइलों में दर्ज होने से रह गए हैं। मार्च में आए संक्रमण के पहले मामले से लेकर जनवरी तक के 10 महीनों में 6 हजार कोरोना संक्रमित फाइलों से गायब हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के निर्देश पर अब जाकर उनकी तलाश हो पाई है। टीएस सिंहदेव ने कहा है, स्वास्थ्य विभाग अब आंकड़ों को दुरुस्त करेगा। संक्रमित हुए किसी प्रदेशवासी का नाम नहीं छूटेगा।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, सरकार ने संक्रमण का पहला मामला आने से से लेकर अब तक कोरोना को लेकर पूर्ण रूप से पारदर्शिता अपनाई है। कुछ लोगों के छूट जाने की बात कही जा रही थी। उसकी जांच कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे 6 हजार लोगों के नाम खोज निकाले हैं, जो पूर्व में संक्रमित तो हुए लेकिन उनका नाम सरकारी आंकड़ों में शामिल नहीं हो सका। इसके लिए तीन-चार महीने तक विभिन्न अस्पतालों और प्रयोगशालाओं के आंकड़ों का मिलान किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- पहले 10-12 हजार लोगों के नाम छूटने की बात कही जा रही थी। लेकिन, अब सामने आए इन 6 हजार नामों को कोरोना संक्रमण की चपेट में आए व्यक्तियों की सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, कोरोना संक्रमण की चपेट में आये एक भी प्रदेशवासी का नाम छूटने नहीं दिया जाएगा। उन्हें सूची में शामिल कर पूरे आंकड़े छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ साझा किए जाएंगे। इस मान से छत्तीसगढ़ में कोरोना से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 3 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।
कैसे छूट गए थे मरीजों के नाम
स्वास्थ्य विभाग का कहना है, नाम बदल जाने, निजी अस्पतालों में इलाज कराने, कई अस्पतालों से सही डाटा नहीं मिल पाने, नामों के दोहराव आदि की वजह से नाम छूट गये थे। कई मरीजों का नाम दो बार भी शामिल था। पिछले चार महीनों से अलग-अलग अस्पतालों और प्रयोगशालाओं से आंकड़ा लेकर उसे दुरुस्त किया गया है।
सोमवार तक 2.97 लाख थे संक्रमित
सोमवार की रात 8 बजे तक 482 नये लोग कोरोना महामारी की चपेट में आए थे। इनको मिलाकर अब तक कोरोना से संक्रमित हुए मरीजों की संख्या 297108 थी। अब 6 हजार नये लोगों को जोड़कर यह आंकड़ा 303108हजार हो गई है। इस बीच इन आंकड़ों में शामिल 3630 लोगों की जान भी जा चुकी है।
लग रहे थे आरोप
कोराेना संक्रमण के चरम काल में यानी जुलाई से अक्टूबर तक राज्य सरकार की ओर से जारी डेटा और जिलों से जारी डेटा में अंतर आने लगा था। इसके बाद सरकार पर संक्रमण और मौतों के वास्तविक आंकड़े छिपाने के आरोप लगे। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने भी सरकार को इन आंकड़ों पर घेरने की कोशिश की थी।
