- Home
- Chhattisgarh
- नए प्रभारी को जिम्मेदारी, लेकिन पहले खरीदे गए धान का कौन सौंपेगा हिसाब? स्टॉक सत्यापन पर उठे सवाल
नए प्रभारी को जिम्मेदारी, लेकिन पहले खरीदे गए धान का कौन सौंपेगा हिसाब? स्टॉक सत्यापन पर उठे सवाल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के खोडरी धान खरीदी केंद्र में प्रबंधक की अनुपस्थिति और बिना लिखित वैकल्पिक व्यवस्था के किसानों को हो रही परेशानी का मामला लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद सहकारिता विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राकेश कुमार सेवरे को खोडरी उपार्जन केंद्र का प्रभारी प्रबंधक नियुक्त किया है। लेकिन इस नई नियुक्ति के साथ ही एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। 23 नवंबर तक तत्कालीन प्रभारी नवीन साहू के माध्यम से खरीदे गए 2513.20 क्विंटल धान का भौतिक सत्यापन कौन करेगा और नए प्रभारी को इसका विधिवत प्रभार कौन सौंपेगा? विभाग के आदेश में इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं होने से अब पुराने स्टॉक की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।
बता दें कि कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने 25 नवंबर 2026 को आदेश क्रमांक कमांक/धा.उप./591/2026 जारी कर उपार्जन केंद्रों में जिम्मेदारियां बदली हैं। आदेश के मुताबिक खोडरी उपार्जन केंद्र में राकेश कुमार सेवरे को प्रभारी प्रबंधक खोडरी और जोगीसार उपार्जन केंद्र में मदन सिंह उद्दे को फड़ प्रभारी जोगीसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस प्रशासनिक बदलाव के बीच खोडरी केंद्र का पुराना स्टॉक चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर तक तत्कालीन प्रभारी प्रबंधक नवीन साहू के माध्यम से 2513.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। अब नए प्रभारी की नियुक्ति के बाद इस स्टॉक का भौतिक मिलान, खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन और जिम्मेदारी का हस्तांतरण महत्वपूर्ण हो गया है।
पुराने स्टॉक का प्रभार कौन सौंपेगा?
सबसे अहम सवाल यह है कि नवीन साहू के कार्यकाल में खरीदे गए धान का भौतिक और अभिलेखीय प्रभार किस प्रक्रिया के तहत नए प्रभारी को सौंपा जाएगा। क्या इसके लिए संयुक्त भौतिक सत्यापन कराया जाएगा? क्या खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य संबंधित रिकॉर्ड का मिलान कर हस्तांतरण की कार्रवाई होगी? फिलहाल उपलब्ध आदेश में इन प्रक्रियाओं को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
आदेश में नवीन साहू को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं
जारी आदेश में नवीन साहू से प्रभार हस्तांतरण कराने, स्टॉक का सत्यापन करने और यह प्रक्रिया किस समय-सीमा में पूरी होगी, इसे लेकर अलग से स्पष्ट निर्देश का उल्लेख सामने नहीं आया है। ऐसे में पुराने प्रभारी की जिम्मेदारी कहां तक रहेगी और नए प्रभारी को स्टॉक का प्रभार किस आधार पर दिया जाएगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बताई जा रही है।
तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश, लेकिन प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पर सवाल
आदेश की प्रतिलिपि में प्राधिकृत अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, कार्यमुक्त करने के साथ पुराने स्टॉक का विधिवत हस्तांतरण और प्रमाणीकरण किस तरह कराया जाएगा, यह स्पष्ट होना भी जरूरी है। धान खरीदी जैसे काम में केवल जिम्मेदारी बदलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुराने और नए प्रभारियों के बीच स्टॉक का स्पष्ट हिसाब भी जरूरी है।
आदेश में फेरबदल को तत्काल प्रभावशील बताया गया है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या प्रभार हस्तांतरण और स्टॉक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी किए बिना नए आदेश को पूरी तरह लागू माना जाएगा। खरीदे गए धान की मात्रा और उससे जुड़े रिकॉर्ड की जिम्मेदारी तय करने के लिए हस्तांतरण की प्रक्रिया स्पष्ट होना जरूरी है।
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर 2513.20 क्विंटल धान के स्टॉक का प्रमाणीकरण किस अधिकारी की मौजूदगी में होगा और हस्तांतरण की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में सहकारिता विभाग और संबंधित प्राधिकृत अधिकारी की ओर से प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है, ताकि खरीदी व्यवस्था में जवाबदेही और रिकॉर्ड की पारदर्शिता बनी रहे।
Advertisement