- Home
- Chhattisgarh
- NMDC की खनन व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल! टेलिंग्स हादसे से उजड़े जंगल, संकट में ग्रामीणों की जिंदगी, कांग्रेस ने प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप
NMDC की खनन व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल! टेलिंग्स हादसे से उजड़े जंगल, संकट में ग्रामीणों की जिंदगी, कांग्रेस ने प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप

जगदलपुर। बस्तर में खनन के नाम पर आखिर किस कीमत पर विकास किया जा रहा है? क्या उद्योगों के मुनाफे के आगे पर्यावरण और ग्रामीणों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है? दंतेवाड़ा में NMDC के खनन क्षेत्र में टेलिंग्स का पहाड़ खिसकने से हुई तबाही के बाद अब ये सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं। हादसे के सात दिन बाद कांग्रेस का सात सदस्यीय जांच दल घटना स्थल पहुंचा। जांच दल ने मौके के हालात का जायजा लेने के बाद इस पूरी घटना के लिए NMDC प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही की सजा आज आसपास के ग्रामीणों और प्रकृति को भुगतनी पड़ रही है। पार्टी ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई और प्रभावित क्षेत्र के पर्यावरणीय नुकसान का विस्तृत आकलन कराने की मांग की है।
दरअसल घटना स्थल के निरीक्षण से पहले ही NMDC प्रबंधन और कांग्रेस नेताओं के बीच सर्किट हाउस में तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस का सात सदस्यीय जांच दल जब घटना स्थल जाने की तैयारी कर रहा था, तब प्रबंधन की ओर से केवल सात गाड़ियों को जाने की अनुमति देने की बात कही गई। इस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब जांच का उद्देश्य हादसे की वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करना है तो जांच दल की आवाजाही पर इस तरह की पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? कांग्रेस नेताओं ने इसे जांच प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप बताते हुए विरोध दर्ज कराया। हालांकि, बाद में प्रबंधन ने सभी गाड़ियों को घटना स्थल तक जाने की अनुमति दे दी।

NMDC प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण
उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की अध्यक्षता में जांच दल मौके पर पहुंचा और टेलिंग्स के मलबे से प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। घटना स्थल से लौटने के बाद विधायक लखेश्वर बघेल ने जो तस्वीर सामने रखी, उसने हादसे की गंभीरता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। उनके मुताबिक टेलिंग्स का विशाल पहाड़ खिसकने से चार प्राकृतिक नाले पूरी तरह दब गए हैं। लाखों पेड़ों के बर्बाद होने और हजारों जीव-जंतुओं के मलबे में जमींदोज होने का दावा भी उन्होंने किया।
बघेल ने कहा कि यह केवल लोहागांव तक पहुंचने का रास्ता बंद होने की घटना नहीं है, बल्कि आयरन हिल के नीचे बसे तमाम गांवों के लिए गंभीर संकट है। प्राकृतिक जलस्रोतों, जंगलों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का असर आने वाले लंबे समय तक दिखाई दे सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर खनन क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था कितनी मजबूत थी, जिसके बावजूद टेलिंग्स का इतना बड़ा पहाड़ खिसक गया? कांग्रेस का आरोप है कि NMDC प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा अब स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस जांच दल ने इस पूरे मामले में NMDC प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है। नेताओं का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह भी सामने आना चाहिए कि टेलिंग्स के भंडारण, रखरखाव और सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने प्रभावित क्षेत्र में पर्यावरणीय नुकसान का वैज्ञानिक आकलन कराने, प्राकृतिक नालों की स्थिति और ग्रामीणों पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच करने की भी मांग उठाई है।
संसद से सड़क तक उठाया जाएगा मामला
कांग्रेस का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बाद केवल औपचारिक निरीक्षण और आश्वासन से जिम्मेदारी पूरी नहीं हो सकती, बल्कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों को जवाब और न्याय मिलना चाहिए। इस दौरान लखेश्वर बघेल ने भाजपा सरकार की खनन नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर के पहाड़ों और प्राकृतिक संसाधनों पर बड़े औद्योगिक घरानों की नजर है और सरकार आदिवासियों के हितों एवं पर्यावरण की चिंता किए बिना खनन को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस का आरोप है कि विकास और औद्योगिक गतिविधियों के नाम पर स्थानीय लोगों की जिंदगी, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों को दांव पर नहीं लगाया जा सकता। बघेल ने स्पष्ट कहा कि बस्तर के जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। यदि हादसे की जांच में किसी तरह की कोताही या लीपापोती की गई तो विपक्ष इस मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाएगा।
Advertisement