• Chhattisgarh
  • सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का हमला: बैज बोले- ‘मरम्मत तक नहीं कर पा रही सरकार’, बघेल का आरोप- ‘16 हजार करोड़ के काम रोके गए’

सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का हमला: बैज बोले- ‘मरम्मत तक नहीं कर पा रही सरकार’, बघेल का आरोप- ‘16 हजार करोड़ के काम रोके गए’

10 hours ago
27

 गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। ​प्रदेश सहित पूरे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अलग-अलग बयानों में बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों की खराब हालत, निर्माण में देरी और स्वीकृत कार्यों को रोके जाने के आरोप लगाए हैं।

​पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे जिले को जोड़ने वाला सबसे अहम मार्ग है, लेकिन ठेकेदार और संबंधित विभाग की नाकामी के कारण यह पिछले तीन वर्षों से निर्माणाधीन है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के लगभग 80 किलोमीटर लंबे मरवाही मार्ग का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि तीन साल में भी यह सड़क नहीं बन सकी है।

उनके मुताबिक, एक साल पहले भी इस मार्ग की स्थिति बेहद खराब थी और आज भी उस पर चलने के लिए हिम्मत जुटानी पड़ती है। खराब सड़कों के कारण जीपीएम जिला एक ‘टापू’ जैसा बन गया है।

​बैज ने आगे कहा कि सड़कों की समस्या केवल जीपीएम तक सीमित नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी और उनके गृह जिले जशपुर में भी सड़कें नहीं बन पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन न तो नई सड़कें बना पा रही है और न ही मौजूदा सड़कों की मरम्मत या गड्ढे भरने का काम हो पा रहा है।

​नई स्वीकृतियां ठप, जनता भुगत रही खामियाजा: भूपेश बघेल

​पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बिलासपुर-गौरेला पेंड्रा मरवाही और बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे सहित पूरे प्रदेश की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाए। बघेल ने कहा कि उनके कार्यकाल में सड़कों के निर्माण के लिए 16,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने उन कार्यों को रोक दिया। ​उनके अनुसार, जो काम पहले पूरे हो चुके थे या आधे से अधिक शुरू हो चुके थे, उन्हें तो रोका नहीं जा सका, लेकिन आगे बढ़ने वाले कार्यों को रोक दिया गया है और नई स्वीकृतियां भी नहीं हो पा रही हैं।

लोक निर्माण विभाग के कामकाज पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि विभागीय मंत्री अरुण साव केवल बयानबाजी और सक्रियता दिखा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

​अंचल की जीवन रेखा बदहाल

100 किमी के सफर में लग रहे 4 घंटे से अधिक ​छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की जीवन रेखा माना जाता है, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से इसका निर्माण अधूरा पड़ा है। अब तक जो निर्माण हुआ है, उसकी गुणवत्ता भी बेहद निम्न स्तर की है।

​सड़क की बदहाली और आए दिन लगने वाले जाम के कारण महज 100 किलोमीटर का बिलासपुर तक का सफर तय करने में 4 घंटे से अधिक का समय लग रहा है। इससे व्यापारी वर्ग, छात्र-छात्राओं, मरीजों और रोजमर्रा के कामकाज से आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि पूर्व में बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी इस मार्ग की दयनीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और नए सिरे से टेंडर जारी करने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद विभाग और ठेकेदार पर कोई असर नहीं दिख रहा है, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

Social Share

Advertisement