- Home
- Chhattisgarh
- CM साय ने पटवारियों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का दिया आश्वासन, उच्चस्तरीय समिति की जाएगी गठित
CM साय ने पटवारियों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का दिया आश्वासन, उच्चस्तरीय समिति की जाएगी गठित

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक संवाद के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री निवास में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पटवारी संघ के डेलीगेशन ने मुलाकात की. पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करते हुए अपनी मांगों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी. मुख्यमंत्री साय ने उनकी समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए. राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है.
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए. यह समिति संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी.
मुख्यमंत्री साय ने हड़ताल अवधि में हुई कार्रवाइयों के सम्बन्ध में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए. राज्य सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील है.
छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है.
40 दिन के बाद हड़ताल स्थगित
बता दें कि प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर को पीवी एप की विसंगतियों को दूर करने समेत कई मांगो में अनिश्चितकालीन आंदोलन पर चले गए थे. लगभग 40 दिनों से लगातार आंदोलन जारी रहा, जिसके कारण राजस्व कामकाज प्रभावित रहे. प्रशासन ने करीब 200 पटवारी सस्पेंड किए गए है. वहीं 3000 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इसके अलावा 50 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई भी की गई है. पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने के प्रशासनिक काम-काज फिर से सामान्य होने की उम्मीद है.
Advertisement