• breaking
  • Chhattisgarh
  • लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिल्ली में उमड़ा जन-सैलाब, रामलीला मैदान के ऐतिहासिक शंखनाद से सत्ता की उल्टी गिनती शुरू – डॉ. चरणदास महंत

लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिल्ली में उमड़ा जन-सैलाब, रामलीला मैदान के ऐतिहासिक शंखनाद से सत्ता की उल्टी गिनती शुरू – डॉ. चरणदास महंत

3 hours ago
13

 ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारों से कांपा केंद्र का सत्ता तंत्र।
 रामलीला मैदान के ऐतिहासिक आयोजन की अभूतपूर्व सफलता पर श्री राहुल गांधी को हार्दिक बधाई – नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत

रायपुर, 02 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उमड़े जन-सैलाब को ऐतिहासिक करार दिया है।

डॉ. महंत ने जननायक श्री राहुल गांधी के ओजस्वी नेतृत्व और इस विशाल महारैली की अभूतपूर्व सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में देश के कोने-कोने से पहुंचे नागरिकों, नौजवानों, किसानों और कामगारों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र पर कुठाराघात अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैदान और सड़कों पर गूंजते ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के गगनभेदी नारों ने सत्ता के गलियारों को हिलाकर रख दिया है। जनता का यह आक्रोश इस बात का प्रमाण है कि केंद्र की मौजूदा भाजपा सरकार की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा कि श्री राहुल गांधी लगातार देश की जनता के हकों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की शुचिता और संविधान की रक्षा के लिए निडरता के साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े हैं। रामलीला मैदान से उठी लोकतंत्र की यह ललकार अब पूरे राष्ट्र का जन-आंदोलन बन चुकी है। आम जनता अपने मताधिकार और पहचान की सुरक्षा के लिए एकजुट हो चुकी है।

डॉ. महंत ने आगे कहा कि आज का यह ऐतिहासिक जन-सैलाब केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश के भविष्य और संविधान को बचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

डॉ. महंत ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की आवाम लोकतंत्र को कमजोर करने वाली नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ी है और यह जनाक्रोश तानाशाही रवैये को उखाड़ फेंकने तक जारी रहेगा।

Social Share

Advertisement