• Chhattisgarh
  • पर्यटकों के लिए खुशखबरी: 1 नवंबर की जगह 20 अक्टूबर से खुलेगी विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा, दशहरा के बीच मिलेगा दीदार

पर्यटकों के लिए खुशखबरी: 1 नवंबर की जगह 20 अक्टूबर से खुलेगी विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा, दशहरा के बीच मिलेगा दीदार

5 days ago
12

 जगदलपुर। बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती और रहस्यमयी भूमिगत दुनिया को करीब से देखने की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में मौजूद विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा 20 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। खास बात यह है कि इस साल मौसम अनुकूल होने के कारण गुफा को निर्धारित समय से 10 दिन पहले खोला जा रहा है। आमतौर पर हर साल 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए इस गुफा के दरवाजे खोले जाते थे।

दरअसल, कोटमसर गुफा को भूमिगत दुनिया के नाम से भी जाना जाता है। गुफा के भीतर प्राकृतिक संरचनाएं और अद्भुत नजारे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। कांगेर वैली नेशनल पार्क के DFO गौतम नारायण ने बताया कि इस साल मौसम काफी अनुकूल है। बारिश नहीं होने और पहले हुई बारिश का पानी गुफा के भीतर नहीं ठहरने के कारण पर्यटकों के लिए परिस्थितियां बेहतर हैं। इससे गुफा के भीतर पानी और फिसलन जैसी समस्याओं की आशंका भी कम है।

वहीं इन दिनों विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा भी चल रहा है, जिसे देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों पर्यटक बस्तर पहुंच रहे हैं। ऐसे में कोटमसर गुफा को समय से पहले खोलने का फैसला पर्यटन के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कोटमसर के अलावा कैलाश, दंडक, अरण्य और हरी गुफा भी मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल पर्यटकों के लिए केवल कोटमसर गुफा ही खोली जा रही है।

Social Share

Advertisement