• Chhattisgarh
  • क्या बिक जाएगा भिलाई स्टील प्लांट ? बघेल और बैज के बयान पर सियासी घमासान

क्या बिक जाएगा भिलाई स्टील प्लांट ? बघेल और बैज के बयान पर सियासी घमासान

1 week ago
13

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उद्योगपति अडानी भिलाई स्टील प्लांट का दौरा करने वाले हैं। इस संभावित दौरे को लेकर बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आशंका जताई है कि अब बीएसपी पर भी सरकार की नजर है।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि अडानी भिलाई इस्पात संयंत्र देखने आने वाले हैं। इसका मतलब ये है कि देश बेचने का अभियान चला रहे नरेंद्र मोदी की नजर अब हमारे बीएसपी पर है और उनके प्रिय खरीददार मुआयना करने आ रहे हैं। बघेल ने आगे लिखा है कि मोदी जी समझ लें कि बीएसपी छत्तीसगढ़ की आत्मा है और हम छत्तीसगढ़वासी इसे किसी सूरत में बिकने नहीं देंगे। किसी भी सूरत में नहीं। यह बात छत्तीसगढ़ भाजपा के नेता भी समझ लें कि बीएसपी बिकाऊ नहीं है।

NMDC और BSP नहीं बिकेंगे, क्या इसकी गारंटी देगी सरकार : दीपक बैज

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार इस बात की गारंटी देगी कि भिलाई स्टील प्लांट और NMDC को नहीं बेचा जाएगा? बैज ने भिलाई स्टील प्लांट को लेकर भूपेश बघेल के बयान का समर्थन करते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने बिल्कुल सही बात कही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश के सार्वजनिक उपक्रमों और संपत्तियों को बेचने की तैयारी कर रही है। सीमेंट कंपनियों, पावर कंपनियों, नगरनार स्टील प्लांट और अन्य औद्योगिक इकाइयों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अब भिलाई स्टील प्लांट को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि सरकार सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने की दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में कोई भी सरकारी उपक्रम सुरक्षित नहीं बचेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या सरकार इस बात की गारंटी देगी कि NMDC और भिलाई स्टील प्लांट नहीं बिकेंगे? इन सार्वजनिक उपक्रमों को लेकर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

भिलाई स्टील प्लांट जनता का है और जनता का रहेगा : भाजपा

भूपेश बघेल और दीपक बैज के बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता केदार गुप्ता ने कहा है कि जब इंदिरा गांधी की सरकार थी तब केवल अंबानी जी आगे बढ़ते रहे। राजनीतिक षड्यंत्र के रूप में किसी भी विषय को सामने ना रखें। चारों तरफ से कांग्रेस अदाणी अदाणी चिल्लाती रहती है। भिलाई स्टील प्लांट जनता का है और जनता का रहेगा।

Social Share

Advertisement