• Chhattisgarh
  • Congress Sugar March : शक्कर के बढ़ते कीमतों के विरोध में कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह’, PCC चीफ ने कहा- जनता से 36 हजार करोड़ वसूल चुकी सरकार

Congress Sugar March : शक्कर के बढ़ते कीमतों के विरोध में कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह’, PCC चीफ ने कहा- जनता से 36 हजार करोड़ वसूल चुकी सरकार

2 months ago
60

जगदलपुर. शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है. महंगाई के विरोध में कांग्रेस अब ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है. पार्टी जल्द ही इस मुद्दे को लेकर सड़क पर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी.

इथेनॉल बनाने के लिए गन्ने का इस्तेमाल, इधर शक्कर के बढ़े रेट्स : PCC चीफ बैज

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि देश में गन्ने का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर इथेनॉल बनाने में किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन से वाहनों को नुकसान हो रहा है. गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में होने के कारण शक्कर की आपूर्ति प्रभावित हुई है जिसके चलते कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.

सरकार को पहले से थी कीमत बढ़ने की जानकारी : दीपक बैज

पीसीसी चीफ ने आरोप लगाया कि सरकार शक्कर की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी से अनजान नहीं थी. सरकार को तीन-चार महीने पहले ही स्थिति का अंदाजा था, इसके बावजूद कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. बैज ने आरोप लगाया कि महंगाई बढ़ाकर सरकार जनता से करीब 36 हजार करोड़ रुपये वसूल चुकी है. डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है

चीनी सत्याग्रह शुरू करेगी कांग्रेस

दीपक बैज ने कहा कि एक समय नमक की कीमत बढ़ने के विरोध में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ नमक सत्याग्रह किया था. आज शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है. इसी के विरोध में कांग्रेस आने वाले दिनों में ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करेगी.

Social Share

Advertisement